हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र का आज आखिरी दिन रहा। इस दौरान सदन में राज्यसभा चुनाव को लेकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान, अशोक अरोड़ा, आफताब अहमद, गोकुल सेतिया ने जमकर नारेबाजी की। उधर, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा- क्या कांग्रेस स्वीकार करेगी कि उनके विधायक बिकाऊ है। इससे पहले प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस विधायकों के न आने का मुद्दा उठाया। सदन में हंगामा बढ़ा तो सीएम सैनी ने कहा…ज्यादा जोर का मत बोलिए, हम भी जानते हैं, जोर का बोलना। करीब 12 बजे स्पीकर ने जैसे ही प्रश्नकाल की समाप्ति की घोषणा की, इस पर देर से सदन पहुंचे कांग्रेसी विधायकों ने हंगामा किया। राज्यसभा चुनाव को लेकर सीएम सैनी और कांग्रेस के विधायकों के बीच तीखी बहस हुई। लंच के बाद शुरू हुई कार्यवाही में कांग्रेस की ओर से गैस की किल्लत और बढ़े हुए दामों पर पर चर्चा की बात कही गई। इस पर स्पीकर ने साफ इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि आज सदन का लास्ट डे है। सब हंसते हुए जाओ, जरूरी है कि आप लड़कर जाओ। करीब साढ़े चार बजे स्पीकर ने बजट सत्र की समाप्ति की घोषणा की। सीएम नायब सैनी ने बजट अपनी बात रखते हुए आभार जताया। इस पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने तंज कसा कि इस बजट में कुछ भी नहीं था। इसके बाद जय-जय हरियाणा गीत और राष्ट्रगान से सत्र का समापन हुआ। भाजपा सरकार के बजट पर पूर्व सीएम ने सुनाई कहानी… पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने भाजपा सरकार के बजट पर एक पटवारी की कहानी सुनाई। बोले- मुआवजा न मिलने की बात पर कलक्टर ने पटवारी को गिरदावरी करने के आदेश दिए। पटवारी ने लंबी-चौड़ी रिपोर्ट बनाई। लिखा- मैं सुबह उठा, नहाया, धोया, फिर मैंने अपनी साइकिल पकड़ी, फिर साफ करी, फिर गांव में पहुंचा, दो आदमी लिए, फलाने के खेत में गया, दो घंटे लगाकर गिरदावरी करी, अंत में रिपोर्ट में लिखा- बंजर जमीन है, कुछ नहीं निकला। इस पर पूछा गया कि तो फिर दो घंटे क्या करता रहा। हुड्डा ने सीएम की तरफ इशारा करते हुए तीन घंटे, तीन घंटे, इनके बजट में है कुछ नहीं। इनकी वो कहानी है- म्हारा राजा नायब, ठाट बांट का, सर पर बांधे गाब्बा, लेनदेन में कुछ नहीं, जय राम जी की बाबा। ये बजट है इनका। इस पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि ये बजट तीन करोड़ लोगों की आकांक्षाओं, अपेक्षाओं का बजट है। ये विजन 2047, विकसित हरियाणा का बजट है। विधानसभा के आखिरी दिन के बड़े अपडेट्स जानिए… राज्यसभा चुनाव पर इनेलो का प्रस्ताव खारिज हुआ इनेलो विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर एक प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने इस मुद्दे पर सदन में चर्चा कराने की मांग की, जिसे स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने खारिज कर दिया। राज्यसभा चुनाव का मुद्दा मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर है। इसलिए ये विषय सदन में नहीं उठाया जा सकता। इस पर चर्चा नहीं हो सकती। सीएम का कादियान को जवाब- हमारे उम्मीदवार संजय भाटिया थे कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान ने कहा, कल मैंने एक मुद्दा उठाया था। आपने कहा था कि ये सदन से जुड़ा मुद्दा नहीं है, लेकिन उसी मुद्दे पर देवेंद्र कादियान और शिक्षा मंत्री को बोलने के लिए अनुमति दे दी। इस पर सीएम ने कहा, कल इतना हल्ला हुआ है। कादियान जी सीनियर नेता है, यदि वह इसके बावजूद कह रहे हैं कि तीसरे उम्मीदवार की क्या जरूरत थी। हमने थोड़े ही दिया। हमारा उम्मीदवार संजय भाटिया थे। ये गलत है। पूर्व सीएम हुड्डा ने पूछा- चुनाव सदर का विषय नहीं तो चर्चा कैसे इसी बीच पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि डॉ. कादियान ने राज्यसभा चुनाव पर चर्चा की, जबकि ये सदन का विषय ही नहीं है। फिर आज कैसे चर्चा हो रही है। इस पर स्पीकर ने कहा, आज भी चर्चा नहीं हो रही है। यदि कोई सवाल करेगा तो उसका जवाब दिया जाएगा। उधर, सीएम नायब सैनी ने कहा, ये चर्चा नहीं है। आपने समय नहीं दिया है। ये निर्दलीय विधायक की पीड़ा है, उसको सुनना चाहिए। सीएम से बोले हुड्डा- जिसमें कुछ होता है, उसकी आलोचना होती है सत्र के समापन पर सीएम नायब सैनी ने कहा, विपक्षी साथियों का आभार प्रकट करता हूं कि उनकी आलोचनाओं से हमें अच्छे सुझाव मिले हैं। हर सकारात्मक सुझाव को आत्मसात करूंगा। इन आलोचनाओं में बहुत सारी ऐसी भी थीं, जो तथ्यों से परे थीं। इस पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बजट में कुछ भी नहीं था, जिसमें कुछ होता है, उसकी आलोचना होती है। सदन की कार्यवाही के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…