हरियाणा में फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम के दोहरे रंग देखने को मिल रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्य में न्यूनतम तापमान में औसतन -1.1°C की गिरावट दर्ज की गई है। इस बदलाव ने रात और सुबह के समय ठंड को और बढ़ा दिया है। हालांकि, दिन के तापमान में हल्की वृद्धि होने से लोगों को तेज धूप का अहसास हो रहा है, जिससे औसत अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री का उछाल देखा गया है। बुधवार को सुबह कई स्थानों पर धुंध देखने को मिली थी, मगर आज कुछ स्थानों पर ही धुंध देखने को मिलेगी। आईएमडी के अनुसार 5 फरवरी से लेकर 8 फरवरी तक मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है और किसी भी प्रकार की गंभीर चेतावनी जारी नहीं की गई है। आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने के साथ ही ठंड और कोहरे का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा।
मौसम एक्सपर्ट बोले- इस दिन दो आएंगे पश्चिमी विक्षोभ हिसार की रात सबसे ठंडी हरियाणा में रातें अभी भी काफी ठंडी बनी हुई हैं। 4 फरवरी की सुबह दर्ज किए गए आंकड़ों के अनुसार, हिसार राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 4.3°C पर पहुंच गया। यह सामान्य से -3.8°C कम है। अन्य शहरों की बात करें तो सिरसा में न्यूनतम तापमान 5.2°C दर्ज किया गया। नारनौल और महेंद्रगढ़ में पारा 6.0°C रहा। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान अंबाला में 9.8°C रहा। अधिकांश स्टेशनों पर 24 घंटे के भीतर तापमान में 1 से 2 डिग्री की कमी देखी गई है, जिससे रात की ठंड अभी बरकरार है। फरीदाबाद में का दिन सबसे गर्म रात की ठंड के विपरीत, दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदाबाद (AWS) में 23.6°C रिकॉर्ड किया गया। भिवानी में दिन का पारा 22.5°C दर्ज किया गया। हिसार और अंबाला में तापमान क्रमशः 21.4°C और 21.2°C दर्ज किया गया। सबसे कम अधिकतम तापमान हथनीकुंड बैराज (यमुनानगर) में 18.5°C रहा। पिछले 24 घंटों में कुरुक्षेत्र और करनाल जैसे क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 2.7°C तक की वृद्धि देखी गई है।