हरियाणा में ठंड लगातार बढ़ रही है। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद एक बार फिर न्यूनतम तापमान गिरने लगा है। हरियाणा में हिसार शहर का तापमान सबसे कम 7.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं 11 शहरों का तापमान से कम दर्ज किया गया है। मौसम एक्सपर्ट की माने तो अभी 3 से 4 दिन न्यूनतम तापमान ऐसे ही गिरेगा मगर 27 नवंबर से एक बार फिर बादल छाएंगे जिससे दिन में और ठंड बढ़ेगी। वहीं नमी बढ़ने से धुंध और गहरी हो सकती है। अभी हरियाणा में हल्की धुंध सुबह के समय देखी जा रही है। उधर, दूसरी तरफ पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों में पड़ रहा है। शाम 4 बजते ही ठंड बढ़ जाती है। दिन में धूप निकलने से अभी भी तापमान सामान्य के आसपास 27 से 28 डिग्री के आसपास चल रहा है। आने वाले समय में इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने की संभावना है। मौसम एक्सपर्ट ने मौसम को लेकर 2 बातें बताई…
उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी : चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 28 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है, जिससे सुबह व शाम को ठंड रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्की धुंध छाएगी : इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी परंतु रात्रि तापमान में हल्की गिरावट रहने की संभावना है। वातावरण में नमी की अधिकता के कारण कहीं कहीं सुबह के समय हल्की धुंध भी रहने की संभावना है। परंतु 27 व 28 नवंबर को बीच बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है।