हरियाणा में मानसून सक्रिय है और 2 दिन लगातार बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ (IMD) ने आज 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, चरखी दादरी, गुरुग्राम, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल, फरीदाबाद व मेवात शामिल हैं। यहां गरज-चमक व तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, रविवार को भी प्रदेशभर में मानसून सक्रिय रहा और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस मानसून में अब तक सबसे कम कैथल (95.9 मिमी) और जींद (104.1 मिमी) में बारिश हुई है। वहीं, सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर (470.8 मिमी) में हुई है। सामान्य से 15 प्रतिशत ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 2025 के इस मानसून सीजन के दौरान अब तक हरियाणा प्रदेश में औसतन 211.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जबकि, सामान्य रूप से यहां 184.9 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। इस हिसाब से प्रदेश में 15 प्रतिशत बारिश ज्यादा हो चुकी है। दो दिन लगातार बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र चंडीगढ़ ने 2 दिन (28 और 29 जुलाई) बारिश की संभावना जताई है। इसके तहत 28 जुलाई को 8 जिलों के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होगी। इनमें चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल शामिल हैं। वहीं, अन्य 8 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और भिवानी के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद और हिसार में भी बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इन्हीं जिलों में 29 जुलाई को भी अलर्ट है। 24 घंटे में बदला तापमान
पिछले 24 घंटे के मौसम में हुए बदलाव की बात करें तो प्रदेशभर के अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हरियाणा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट अंबाला में दर्ज की गई। यहां 2.9 डिग्री सेल्सियस तापमान गिरा। इसी के साथ अंबाला का तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं, सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सिरसा के तापमान में हुई। यहां का तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, हरियाणा का अधिकतम तापमान रविवार को सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा।