हरियाणा में 12वीं की फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा आज:95 हजार से ज्यादा विद्यार्थी देंगे एग्जाम, सोमवार को 28 नकलची पकड़े

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा 3 मार्च को 12वीं कक्षा की शारीरिक शिक्षा विषय व डीएलएड प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। बोर्ड द्वारा संचालित होने वाली सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की तथा डीएलएड परीक्षा में 95 हजार 705 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे। वहीं परीक्षा को नकल रहित करवाने के लिए बोर्ड द्वारा दावे किए जा रहे हैं और 320 उड़नदस्ते गठित किए गए हैं। सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की वार्षिक परीक्षाओं में प्रदेशभर में करीब 1431 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 5 लाख 66 हजार 411 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हो रहे हैं। जिसमें 2 लाख 96 हजार 593 लड़के व 2 लाख 69 हजार 818 लड़कियां शामिल हैं। इससे पूर्व सोमवार को आयोजित सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक व मुक्त विद्यालय) भौतिक विज्ञान व अर्थशास्त्र विषय एवं डीएलएड (रि-अपीयर) की परीक्षा में नकल के कुल 28 मामले दर्ज किए। परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने के कारण 1 केंद्र अधीक्षक, 2 पर्यवेक्षकों व 2 लिपिकों को कार्यभार मुक्त किया। केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू कर दी गई है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के निकट फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे। शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश-पत्र पर दिए गए निर्देशों का पालन करें और परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचें। प्रवेश-पत्र पर परीक्षार्थी और पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं, इसलिए इसे लैमिनेट न करवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *