हरियाणा में आज एक ही दिन में 6 अधिकारी रिश्वत लेते पकड़े गए। अंबाला में वन्य जीव इंस्पेक्टर-पशु प्रेमी तो कैथल में पैक्स एआर (असिस्टेंट रजिस्ट्रार) और इंस्पेक्टर को एसीबी ने रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपी एक व्यक्ति से 30 हजार रुपए की रिश्वत ले रहे थे। वहीं, रेवाड़ी में जेई द्वारा 1 लाख रुपए मांगने और नूंह में समाज कल्याण विभाग का कर्मचारी पेंशन के काम के लिए 10 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा गया। कैथल में एसीबी इंस्पेक्टर सुबे सिंह ने बताया कि आरोपी ऋषि महाजन है, जो कोऑपरेटिव सोसाइटी कैथल में अस्सिटेंट रजिस्टार है, जबकि इंस्पेक्टर का नाम जसबीर है। दोनों ने पाड़ला पैक्स में युवक को नौकरी लगाने के नाम पर रिश्वत मांगी थी। दोनों को ट्रैप बिछाकर पकड़ा गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। यह भी पता किया जा रहा है कि दोनों के किस अधिकारी से संपर्क था। कैसे ये दोनों युवक को नौकरी दिलवाने का आश्वासन दे दहे थे। पढ़ें कैसे अधिकारी पकड़े गए… नूंह में ACB ने जाल बिछाकर पकड़ा नूंह में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने लघु सचिवालय स्थित समाज कल्याण विभाग के एक कर्मचारी को 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गुरुवार को हुई इस कार्रवाई में मुकेश नामक कर्मचारी को प्रथम तल पर बने विभागीय कार्यालय से पकड़ा गया। एसीबी को मुकेश के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। जानकारी के अनुसार, एक महिला से तीन पेंशन फाइल पास कराने की एवज में 10 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायत के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय समय पर एसीबी की टीम कार्यालय पहुंची और जैसे ही कर्मचारी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। रेवाड़ी में जेई 90 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा एसीबी की टीम ने रेवाड़ी के धारूहेड़ा में नगर पालिका के जेई को 90 हजार की रिश्वत के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जेई ने ठेकेदार की पेमेंट पास करने के लिए एक लाख रुपए की मांग की थी। ठेकेदार की शिकायत पर विजिलेंस ने जेई हरीश को 90 हजार रुपए की रिश्वत के साथ पकड़ लिया। जेई हरीश की रिटायरमेंट में करीब 5 महीने का समय शेष बचा हुआ था। जेई के रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद नगर पालिका कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अंबाला में वन्य जीव इंस्पेक्टर-पशु प्रेमी रिश्वत लेते अरेस्ट अंबाला में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एबीसी) की टीम ने वन विभाग के वन्य जीव इंस्पेक्टर और एक पशु प्रेमी को तीस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों अरेस्ट किया है। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम दोनों को अपनी हिरासत में लेकर गई है। एसीबी की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव सपहेड़ा- भीलपुरा निवासी संदीप कुमार ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत की थी कि उससे वन्य जीव इंस्पेक्टर और एक पशु प्रेमी द्वारा रुपयों की मांग की जा रही है। दोनों आरोपियों ने पचास हजार रुपए की मांग की थी, जबकि 40 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था। कैथल में कैसे पकड़े गए एआर-इंस्पेक्टर, पूरी कहानी… एसीबी इंस्पेक्टर बोले- दोनों से की जा रही पूछताछ एसीबी इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि एआर ऋषि महाजन और इंस्पेक्टर जसबीर को रंगेहाथ पकड़ा गया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। यह भी पता किया जा रहा है कि दोनों के किस अधिकारी से संपर्क था। कैसे ये दोनों युवक को नौकरी दिलवाने का आश्वासन दे दहे थे। पीड़ित ने बताया है कि दोनों ने पहले भी कई युवकों से रुपए लेकर नौकरी लगवाई थी। इसके बारे में भी डिटेल खंगाली जा रही है।