हरियाणा के कैथल में एक हेड कॉन्स्टेबल ने DSP पर गंभीर आरोप लगाए। एंटी नारकोटिक्स सेल में तैनात सुनील संधू ने फेसबुक पर पोस्ट कर कहा कि प्रशासन के कहने पर ही नशे के खिलाफ अभियान चलाया। अब कलायत DSP ललित यादव उसे नशा बेचने के केस में फंसाने की धमकी दे रहा है। उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उसने जिंदगी में कभी रिश्वत तक नहीं ली। उधर, हेड कॉन्स्टेबल की इस पोस्ट के बाद कैथल SP उपासना सिंह ने मामले की जांच गुहला DSP कुलदीप बेनीवाल को सौंप दी। इसके बाद सुनील संधू ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि अब अधिकारियों ने जांच के लिए बुला लिया है। मुझे न्याय मिलने की उम्मीद है। जांच अधिकारी DSP कुलदीप बेनीवाल ने कहा- ललित यादव व सुनील संधू को पूछताछ के लिए बुलाकर उनके बयान दर्ज किए गए हैं। सुनील संधू के साथ बनाई गई टीम के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई होगी। पहले जानिए सुनील संधू ने अपनी फेसबुक पोस्ट में क्या लिखा….. प्रशासन के कहने पर अभियान चलाया हेड कॉन्स्टेबल सुनील संधू ने सोमवार रात 11:13 बजे फेसबुक पर एक पोस्ट की, जिसमें उन्होंने लिखा- “मैंने प्रशासन के कहने पर नशे के खिलाफ अभियान चलाया था। अब मुझे बहुत परेशान किया जा रहा है, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। मैं सच का साथ दूं या झूठ का? मुझे धमकियां मिल रही हैं। मेरा साथ कौन देगा? DSP ललित यादव ने फंसाने की धमकी दी संधू ने आगे लिखा- मेरा भी परिवार है। मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं। और आज तो हद हो गई, कलायत DSP विकास ललित यादव ने मुझे झूठे केस में, स्मैक बेचने के केस में फंसाने की धमकी दी। एक उच्च अधिकारी के सामने, दोस्तों, क्या करूं? क्या न करूं, समझ से परे है। परिवार इजाजत नहीं दे रहा अगर मैं झूठ बोलूं। मैं भगत सिंह का वंशज हूं, मेरा जमीर मर जाएगा। झूठ बोलूं तो मेरा नार्को टेस्ट करवा लो। मैंने कभी जीवन में रिश्वत नहीं ली उन्होंने कहा कि मैंने कभी जीवन में कोई रिश्वत नहीं ली, न कभी किसी इंसान या मुलाजिम का बुरा चाहा। मेरे नौकरी के काल में या सार्वजनिक जीवन में कभी किसी से चाय तक पी हो तो सामने आओ, मुझे सजा दो। क्या करूं? क्या न करूं? समझ में नहीं आ रहा। काफी दिनों से चैन की नींद नहीं सो पाया। रात को चिट्टा बेचने वाले दिखते हैं, युवाओं की नसों में जहर घोलने वाले दिखते हैं। उनका नाश हो। अगर जीवन में कभी किसी का दिल दुखाया हो तो मुझे माफ करना। DSP को जांच सौंपी गई कैथल SP उपासना सिंह ने बताया कि आज सुबह ही हमारी नॉलेज में सुनील संधू का मामला सामने आया। सुनील ने सोशल मीडिया पोस्ट में कलायत DSP का नाम लिखा हुआ है। इसकी जांच कराई जा रही है। गुहला DSP कुलदीप बेनीवाल को जांच के आदेश दिए हैं। संधू बोले- अधिकारियों ने जांच के लिए बुलाया इसके बाद सुनील संधू ने फेसबुक पर एक और पोस्ट की। जिसमें उन्होंने लिखा, “उन्होंने कैथल शहर क्षेत्र में कुछ नशेड़ियों को पकड़ा था और उन्हें सिटी थाना में ले गए। वहां पर नशेड़ियों के लाए जाने का कुछ मीडिया वालों को पता लग गया, जबकि सभी नशेड़ियों से जिस समय पूछताछ की जा रही थी, उस समय अंदर कोई नहीं था। उसके बाद अधिकारियों ने कहा कि सुनील संधू ने यह वीडियो और जानकारी उनको दी है, जबकि उसने किसी को वीडियो या जानकारी नहीं दी थी। वे पहले अधिकारियों के कहने पर ही वीडियो बनाते थे और उनके कहने पर ही उन्होंने वीडियो बनाने बंद कर दी थी।” अब पुलिस अधिकारियों ने उन्हें जांच में शामिल होने के लिए बुलाया है। उम्मीद है कि उनके साथ न्याय होगा। कैथल में ही रहते हैं सुनील संधू सुनील संधू अपने परिवार के साथ कैथल में ही रहते हैं। घर में उनकी पत्नी, 2 बच्चे और मां हैं। उनके पिता का निधन हो चुका है। वह कॉन्स्टेबल के तौर पर हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। इसके बाद वह हेड कॉन्स्टेबल प्रमोट हुए। वह मानवता विश्वास नाम के एक NGO से जुड़े हुए हैं। जिसके तहत वह गरीब लड़कियों की शादी करवाते हैं। इसके अलावा, बीमार लोगों के इलाज का खर्च भी उठाते हैं। पंजाब के वित्त मंत्री ने सुनील संधू का मुद्दा उठाया पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुनील संधू का मुद्दा उठाया। चीमा ने कहा, “हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब में लगातार बैठकें कर रहे हैं, जबकि उनके खुद के राज्य के पुलिस कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। हेड कॉन्स्टेबल सुनील को कई अवॉर्ड मिल चुके हैं।” उन्होंने सुनील संधू का एक वीडियो दिखाते हुए कहा कि इससे पता चलता है कि हरियाणा का क्या हाल है। हरियाणा में आज चिट्टा और नशे की स्मगलिंग हो रही है। जो कर्मचारी नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं, उन्हें हरियाणा सरकार धमकियां दे रही है। इससे पता चलता है कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां पर नशा किस प्रकार बिक रहा है। इससे स्पष्ट है कि हरियाणा में किस प्रकार नशा बढ़ रहा है और भाजपा सरकार व अधिकारी उसे किस प्रकार संरक्षण दे रहे हैं।