अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर हरियाणा में भी दिख रहा है। गुरुवार सुबह से ही गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लगी रहीं। अब कालाबाजारी भी शुरु हो गई है। गुरुग्राम में घरेलू सिलेंडर ब्लैक में 1500 तक में मिल रहा है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर का रेट 3 से 4 हजार रुपए हो गया है। यमुनानगर में महिला प्रभजोत कौर गैस एजेंसी पहुंची तो उसे सिलेंडर के लिए मना कर दिया गया। इससे वह एजेंसी के सामने रोने लगी। बताया कि एक सप्ताह से उसके घर का सिलेंडर खत्म हुआ पड़ा है। उसके घर पर दो बच्चे हैं, परिवार को मजबूरन गुरुद्वारे में जाकर खाना खाना पड़ रहा है। पति दुबई में है जिसकी वजह से उसे काफी परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। उधर, हिसार में पब्लिक से परेशान संचालक एजेंसी पर ताला डालकर फरार हो गया। रेवाड़ी के गांव ढालियावास के जुगबीर ने बताया कि तीन दिन से सिलेंडर नहीं है। इधर-उधर से जुगाड़ कर रखा है। वहीं, पंचकूला शहर के मनसा देवी मंदिर में 25 हजार लोगों को कल से प्रसाद में रोटी मिलना बंद हो जाएगा। कल से केवल कढ़ी चावल और दाल चावल का प्रसाद ही लोगों को मिलेगा। हालांकि, इन्हीं परेशानियों को देखते हुए सरकार की ओर से टोल फ्री नंबर 18001802087 भी जारी किया है। लोगों को कहना है कि यह नंबर काम नहीं कर रहा है। इस तरह पड़ रहा गैस सप्लाई पर असर… पंजाब में LPG के लिए मारामारी:लोग सिलेंडरों के साथ लाइन में, ऑनलाइन बुकिंग हो नहीं रही; चंडीगढ़ में 30 दिन से पहले नहीं मिलेगी सप्लाई…पढ़े पूरी खबर। गैस सप्लाई से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाएं…