हरियाणा राज्यसभा की 2 सीटों पर आज से नॉमिनेशन शुरू:IAS पंकज अग्रवाल बने RO, ECI ने नोटिफिकेशन जारी किया; 5 मार्च लास्ट डेट

9 अप्रैल को हरियाणा से राज्यसभा की खाली होने जा रही 2 खाली सीटों को भरने के लिए भारतीय चुनाव आयोग (ECI) द्वारा आज नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इसके बाद चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 5 मार्च तक अपना नॉमिनेशन भर सकेंगे। वोटिंग के लिए 16 मार्च की डेट फाइनल की गई है। वहीं ईसीआई के जारी नोटिफिकेशन में हरियाणा के आईएएस पंकज अग्रवाल को रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है। पंकज अग्रवाल अभी एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट में प्रिंसिपल सेक्रेटरी की जिम्मेदारी देख रहे हैं। वहीं असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी हरियाणा विधानसभा के डिप्टी सेक्रेटरी गौरव गोयल को दी गई है। भाजपा के 2 राज्यसभा सांसद किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल 9 अप्रैल तक है। अभी ये दोनों सीटें भाजपा के पास हैं। बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की ओर से 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया गया। 16 मार्च को वोटिंग के बाद शाम को रिजल्ट जारी होगा। यहां देखिए नोटिफिकेशन की कॉपी… RO नियुक्ति को लेकर ये हो चुकी कंट्रोवर्सी चुनावी मामलों के जानकार हेमंत कुमार ने गत दिवस भारतीय चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को एक शिकायत भेजी थी, जिसमें उन्होंने हरियाणा से राज्य सभा चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर (RO) के तौर पर विधानसभा सचिव राजीव प्रसाद, एचसीएस के स्थान पर किसी भी उपयुक्त आईएएस अधिकारी को पदांकित करने की सार्वजनिक अपील की थी। आयोग ने इसका संज्ञान लेते हुए हरियाणा राज्य सभा चुनाव के लिए आईएएस पंकज अग्रवाल की आरओ के रूप में नियुक्ति की है। जांगड़ा और चौधरी निर्विरोध सांसद बने थे राज्यसभा सांसद राम चंद्र जांगड़ा मार्च 2020 में राज्यसभा सांसद बने थे। उनका कार्यकाल 10 अप्रैल 2020 से शुरू होकर 9 अप्रैल 2026 तक है। वे निर्विरोध चुने गए थे। वहीं, किरण चौधरी 27 अगस्त 2024 को राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध सांसद चुनी गई थीं। यह सीट दीपेंद्र हुड्डा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। दीपेंद्र ने रोहतक से सांसद बनने के बाद इस्तीफा दिया था।
भाजपा-कांग्रेस को एक-एक सीट मिल सकती है
हरियाणा विधानसभा में कुल 90 वैध मत हैं, जिनमें भाजपा के 48, कांग्रेस के 37, निर्दलीय 3 और इनेलो के 2 वोट शामिल हैं। राज्यसभा की 2 सीटों के लिए चुनाव होने हैं, और जीत का कोटा निकालने का फॉर्मूला है: कुल वैध मत ÷ (रिक्त सीटें + 1) + 1, यानी (90 ÷ 3) + 1 = 31। इसका मतलब है कि किसी भी उम्मीदवार को जीतने के लिए कम से कम 31 कोटा वोट चाहिए। पहले राउंड में, यदि भाजपा अपने 2 उम्मीदवार उतारती है और कांग्रेस 1 उम्मीदवार उतारती है, तो भाजपा अपने एक उम्मीदवार को 31 वोट देकर जिता सकती है, जिसके बाद उसके पास 17 वोट बचेंगे। वहीं, कांग्रेस अपने उम्मीदवार को 31 वोट देकर आसानी से जिता सकती है, जिसके बाद उसके पास 6 वोट बचेंगे। इस गणित के अनुसार, पहली सीट भाजपा और दूसरी सीट कांग्रेस की लगभग पक्की दिखती है। अब, भाजपा के पास 17, कांग्रेस के पास 6, निर्दलीय 3 और इनेलो के पास 2 वोट शेष बचते हैं, जिनका कुल योग 28 होता है, जो कि जीत के लिए आवश्यक 31 के कोटे से कम है। यदि निर्दलीय (3) और इनेलो (2) भाजपा के साथ चले जाएं, तो भी भाजपा के पास केवल 22 वोट होंगे, जो कि 31 से कम हैं। अगर कांग्रेस के 6 वोट भी हथिया ले, तो भी कुल 28 वोट ही होंगे, इसलिए भाजपा को दूसरी सीट जीतने के लिए 9 क्रॉस वोट चाहिए होंगे, जिससे उसके पास 17 + 3 + 2 + 9 = 31 वोट हो जाएंगे। एक-एक उम्मीदवार उतारा, तो वोटिंग की जरूरत नहीं संवैधानिक मामलों के जानकार एडवोकेट हेमंत कुमार ने बताया कि भाजपा और कांग्रेस अपना एक-एक उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारती है, तो वोटिंग की जरूरत नहीं होगी। नाम वापसी के अंतिम दिन ही दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों को निर्विरोध घोषित कर दिया जाएगा। हालांकि अगर भाजपा एक अन्य प्रत्याशी को मैदान में उतारती है तो वोटिंग करानी पड़ेगी। हालांकि इसके लिए भाजपा को क्रॉस वोटिंग की जरूरत पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *