हरियाणा में 16 मार्च को 2 राज्यसभा सीटों के लिए वोटिंग से पहले हलचल शुरू हो गई है। शुक्रवार को चंडीगढ़ में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास से कांग्रेस विधायक 2 टेम्पो ट्रैवलर में बैठकर निकले। सूत्रों के मुताबिक टूट-फूट रोकने के लिए पार्टी हाईकमान के निर्देश पर विधायकों को हिमाचल के शिमला में किसी सीक्रेट जगह शिफ्ट किया गया है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा, बादली विधायक कुलदीप वत्स, जुलाना विधायक विनेश फोगाट, पंचकूला विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई, पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास और टोहाना विधायक परमवीर सिंह इनके साथ नहीं गए। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुझे नहीं पता कि विधायक कहां गए हैं, वे मुझसे पूछकर नहीं गए। 16 मार्च को सभी विधायक वोट डालेंगे और इसके बाद विधानसभा सेशन जॉइन करेंगे। किस विधायक ने किसको वोट किया है ये मैं और प्रभारी बीके हरिप्रसाद देखेंगे। हाईकमान ने हमें ये जिम्मेदारी दी है। दोपहर को हुड्डा के आवास पर विधायकों के लिए लंच रखा गया था। 1 बजे तक सभी 37 विधायक हुड्डा के आवास पर पहुंच गए थे। हालांकि, विधायक चंद्रमोहन बीच में ही बैठक छोड़कर चले गए। अब पढ़िए हुड्डा आवास पर कैसे रहे विधायकों के मोमेंट्स… सैलजा के करीबी चंद्रमोहन मीटिंग छोड़कर निकले पंचकूला से विधायक चंद्रमोहन करीब पौने 2 बजे हुड्डा आवास से निकल गए। हालांकि उस दौरान बाकी विधायक मीटिंग में ही थे। बाहर निकलकर चंद्रमोहन ने मीडिया से बात नहीं की। वे मोबाइल पर बात करते रहे। चंद्रमोहन की गिनती सांसद कुमारी सैलजा के करीबियों में होती है। सहारा लेकर पहुंचे मोहम्मद इलियास लंबे समय से अस्पताल में भर्ती पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास भी हुड्डा आवास पर पहुंचे। हालांकि कुछ देर रुकने के बाद वो बाहर आए और गाड़ी में बैठकर चले गए। मीडिया से इतना ही कहा- यहीं हूं चंडीगढ़ में। बीमारी की वजह से इलियास अपने सहारे खड़े नहीं हो पा रहे थे, उन्हें सहारा देकर गाड़ी में बैठाया गया। कुछ देर बाद इलियास भी आवास पर लौट आए। नमाज के लिए मामन खान बाहर आए फिरोजपुर झीरका विधायक मामन खान जुम्मे (शुक्रवार) की नमाज अदा करने के लिए बैठक से निकले। मामन खान की गिनती तेज-तर्रार नेताओं में होती है। नूंह दंगों के दौरान मामन सुर्खियों में आए थे। नमाज पढ़ने के बाद मामन खान हुड्डा आवास पर लौट आए। वत्स बोले- मैं नहीं जा रहा हिमाचल झज्जर जिले के बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स हुड्डा आवास पर लंच करने तो पहुंचे लेकिन हिमाचल जाने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके भतीजे की शादी हुई है। 15 मार्च को अनाज मंडी में रिसेप्शन पार्टी है। इसलिए हिमाचल नहीं जा सकते। इससे पहले 9 मार्च को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में भी वत्स नहीं आए थे। हाथ में पर्स लेकर अपनी गाड़ी से निकलीं विनेश करीब ढाई बजे जुलाना से विधायक विनेश फोगाट हुड्डा आवास से निकली। उन्होंने हाथ में स्टाइलिश पर्स लिया हुआ था। मीडिया ने उसे बात करने की कोशिश की तो तेजी से अपनी गाड़ी की ओर बढ़ गईं। उसके बाद वह निकल गईं। बताया जा रहा है कि वह अपने 8 महीने के बेटे को भी साथ लाई हैं। हरियाणा राज्यसभा चुनाव, अपने विधायकों की बाड़ेबंदी करेगी कांग्रेस: 13 को चंडीगढ़ में लंच, हिमाचल में होगा खास डिनर; CM सुक्खू ने दी सहमति विधायकों के लंच के अपडेट्स जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…