हरियाणा राज्य परिवाहन की बस से टकराया ट्रक:फरीदाबाद YMCA फ्लाईओवर पर हुआ हादसा, दिल्ली ISBT जा रही थी, कई सवारियां हुई घायल

फरीदाबाद में हरियाणा रोडवेज की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दिल्ली- मथुरा नेशनल हाईवे पर हाई स्पीड ट्रक ने बस में सीधी टक्कर मारी। जिससे बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाकर सवारियों को बाहर निकाला। एक्सीडेंट में करीब 20 सवारियां घायल हो गई। जिनमें 2-3 व्यक्तियों को गंभीर चोट लगी है। आसपास के लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। एक्सीडेंट के बाद हाईवे पर काफी देर तक जाम लग गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रक ड्राइवर को भी गंभीर चोट आई है। सवारियों को इलाज के बाद दूसरी बस से रवाना किया गया। बल्लभगढ़ से दिल्ली जा रही थी बस हादसा दिल्ली- मथुरा नेशनल हाईवे पर YMCA फ्लाईओवर पर हुआ। शनिवार करीब 10 बजे हरियाणा रोडवेज की एक बस बल्लभगढ़ डिपो से दिल्ली ISBT जा रही थी। फ्लाईओवर पर पहुंचते ही दूसरी लेन से आ रहे एक ट्रक ने बस में सामने से टक्कर मार दी। डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंचा प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक काफी स्पीड में था। ट्रक पहले दूसरी लेन से डिवाइड के पास आया। इसके बाद डिवाडर को तोड़ते हुए बस में टक्कर मार दी। घटना में बस आगे से पूरी तरह से डैमेज हो गई। आगे बैठी सवारियों को गंभीर चोटें लगीं। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया सूचना मिलते ही फरीदाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को बस से उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद सभी घायलों को दूसरी बस में बैठाकर दिल्ली भेज दिया। डॉक्टरों का कहना है कि हादसे में 2-3 लोगों को गंभीर चोट लगी है। हालांकि ट्रीटमेंट के बाद उन्हें भी घर भेज दिया गया। सवारियां बोलीं- ट्रक ड्राइवर नशे में था एक्सीडेंट के बाद हाईवे पर जाम लग गया। टक्कर के बाद बस बीच रोड पर ही बंद हो गई। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को साइड कराया, जिसके बाद जाम खुल सका। उधर, बस में मौजूद सवारियों का कहना है कि ट्रक ड्राइवर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है, उसने शराब पी रखी थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि मेडिकल के बाद ही उसकी पुष्टि हो पाएगी। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को पकड़ा बल्लभगढ़ थाना ASI वीर सिंह का कहना है कि एक्सीडेंट में ट्रक ड्राइवर को भी चोट आई है। प्राथमिक उपचार कराकर उसे हिरासत में ले लिया है। सभी सवारियों को भी दूसरी बस में बैठाकर दिल्ली भेज दिया। अभी यह सामने नहीं आया कि ड्राइवर नशे में था या ट्रक में कोई टेक्निकल डिफाल्ट आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *