हरियाणा के हिसार डिपो की रोडवेज बस राजस्थान के भादरा बस स्टैंड से चोरी हो गई। चोर इस बस को फुल स्पीड पर दौड़ाते हुए 40 किलोमीटर दूर हिसार के गांव रावलवास तक ले गया। रास्ते में उसने टक्कर मारकर बिजली का पोल और मीटर तोड़ दिया। इसके बाद डर के मारे आरोपी बस को छोड़कर भाग गया। बस चोर करके ले जाते हुए चोर के 2 सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। इसमें एक 31 और दूसरा 37 सेकेंड का है। दूसरे फुटेज में वह सड़क पर खड़ी खच्चर गाड़ी को बस से टक्कर मारता भी दिखाई दे रहा है। इन वीडियो के मिलने के बाद राजस्थान पुलिस की टीम ने दौड़ लगाई। पुलिस को अमरपुरा टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि बस हरियाणा की तरफ गई। इसके बाद पुलिस बस तक पहुंची। पुलिस का दावा है कि बस चोरी करने वाला आरोपी नशे का आदी है, जिसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल बस राजस्थान पुलिस के कब्जे में है। वहीं, हिसार रोडवेज ने इस रूट पर अब दूसरी बस लगा दी है। रावलवास गांव में बस लेकर घुसा आरोपी, 2 PHOTOS… सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… बस में ही रखी रहती है चाबी- ड्राइवर
हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो के ड्राइवर देवीदयाल का कहना है कि सभी ड्राइवर चाबी साथ ले जाने के बजाय चाबी बस के अंदर ही छोड़ देते हैं। ताकि रोस्टर में दूसरा ड्राइवर आए तो चाबी उस निश्चित स्थान से ले ले। चोर ने इसी का फायदा उठाते हुए चाबी से बस को स्टार्ट कर लिया और बस दौड़ाकर ले गया। ड्राइवर ने बताया कि वह 26 जनवरी से भादरा में ही है और बस छुड़वाकर ही हिसार आएंगे। डाइवर ने बताया कि 26 जनवरी को यह बस हिसार डिपो से शाम 4:50 बजे चलती है जो शाम साढ़े 6 बजे भादरा पहुंचती है। वहीं हिसार डिपो के ट्रैफिक इंस्पेक्टर भागीरथ ने बताया कि भादरा पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर थाने ले गई है वहां से इसे हिसार रोडवेज डिपो को सुपुर्द किया जाएगा। यह बस हिसार से भादरा रूट पर चलती थी। हिसार रोडवेज ने इस रूट पर अब दूसरी बस लगाई है। पुलिस को टोल प्लाजा से सुराग मिला
वहीं भादरा पुलिस के जांच अधिकारी भूप सिंह का कहना है कि भादरा बस स्टैंड से हरियाणा रोडवेज की बस चोरी हुई थी। शिकायत मिलने के बाद जांच की गई तो पता चला कि चोर अमरपुरा टोल प्लाजा से हरियाणा की तरफ गया है। टोल प्लाजा की सीसीटीवी चेक करने के बाद वह बालसमंद की ओर गए तो पता चला कि गांव में ही बस एक जगह खड़ी है और उसने बिजली के पोल को क्षतिग्रस्त किया हुआ है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि इस काम में गांव या आसपास के ही नशेड़ी व्यक्ति का हाथ है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।