हरियाणा के कैथल में एक युवक ने नशे में चलती रोडवेज बस में हंगामा करना शुरू कर दिया। वह यात्रियों को धमकियां देता रहा। ड्राइवर और कंडक्टर के समझाने के बाद भी युवक नहीं माना। कलायत से लेकर कैथल तक युवक बस में चिल्लाता रहा। ड्राइवर के कहने पर बस स्टैंड चौकी के पुलिसकर्मियों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उतरा। आखिरकार ड्राइवर बस को सीधे सिविल लाइन थाने ले गया। वहां पहले बस में सवार यात्रियों को उतारा गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने मिलकर उस युवक को नीचे उतारा। कंडक्टर ने युवक के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है। हिसार से चंडीगढ़ जा रही थी बस बस के ड्राइवर संदीप ने बताया कि सोमवार को वह हिसार डिपो की बस लेकर चंडीगढ़ जा रहा था। कलायत से एक युवक बस में चढ़ा। युवक नशे में बस में बैठे दूसरे यात्रियों को परेशान करने लगा। वह कभी वीडियो बना रहा था तो कभी यात्रियों को कह रहा था कि कोई बोलेगा नहीं। सब के सब चुप बैठ जाओ। वह लगातार उन्हें धमकियां दे रहा था। बस के सामने खड़ा हो गया युवक ड्राइवर ने आगे बताया कि उन्होंने उसे बस से उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह बस के सामने खड़ा हो गया और कहने लगा कि इसे आगे नहीं जाने दूंगा। इसके बाद ड्राइवर ने बस अड्डा चौकी पर शिकायत की। चौकी के कर्मचारी उस युवक को बस से नीचे उतारने लगे। वहां युवक न तो बस से नीचे उतरा और न ही अपना नाम पता बताया। इसके बाद ड्राइवर बस को सिविल लाइन थाने ले गया। SHO बोले- सूखा नशा किया हुआ था सिविल लाइन थाने के SHO रामनिवास ने बताया कि थाने में युवक को बस से नीचे उतारकर पकड़ा। बस के कंडक्टर ने युवक के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने संभावना जताई कि युवक ने कोई सूखा नशा किया हुआ था, जिसके कारण उसने ऐसा किया। वह युवक कहां का रहने वाला है और कहां जाने के लिए बस में चढ़ा था, इस संबंध में युवक से पूछताछ की जाएगी।