हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण की माता प्रेम कौर कल्याण का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। वे करीब 85 वर्ष की थीं। उनकी तबीयत कुछ समय से खराब चल रही थी। करीब 15 दिन पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें घर लाया गया था, लेकिन बीती रात अचानक तबीयत बिगड़ गई और रात करीब 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उस समय हरविंद्र कल्याण चंडीगढ़ में थे। माता के निधन की सूचना मिलते ही वे तुरंत करनाल के कुटेल स्थित अपने फार्म हाउस पहुंचे। शनिवार दोपहर बाद कुटेल गांव स्थित श्मशान घाट में प्रेम कौर का अंतिम संस्कार किया गया। हरविंद्र कल्याण ने भाई देवेंद्र सिंह और समर सिंह के साथ मिलकर अपनी मां को मुखाग्नि दी। CM से लेकर केंद्रीय मंत्री ने शोक व्यक्त किया… मुख्यमंत्री नायब सैनी: “हरियाणा विधानसभा के सम्माननीय अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण जी की पूजनीय माताजी प्रेम कौर कल्याण जी के स्वर्गवास का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करें। माताजी की पुण्य स्मृति को सादर नमन करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ॐ शांति” केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल: हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण जी की पूजनीय माताजी, श्रीमती प्रेम कौर कल्याण जी के गोलोकगमन का समाचार अत्यंत कष्टदायी है। इस गहन दुःख के समय में मेरी संवेदनाएं परिजनों के साथ है। परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। मंत्री अरविंद्र शर्मा: विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण जी की आदरणीय माताजी, श्रीमती प्रेम कौर कल्याण जी के निधन का समाचार सुनकर गहरा दुख हुआ। परमात्मा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिवार को इस कठिन समय में संबल और धैर्य दें। माताजी को भावभीनी श्रद्धांजलि।
अब जानिए कौन हैं हरविंद्र कल्याण…. 2014 में पहली बार विधायक बने हरविंद्र कल्याण ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत युवा कांग्रेस से की। 2009 में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी से विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। 2014 में वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए और घरौंडा से पहली बार विधायक चुने गए। 2015 से 2019 तक वे हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन संघ लिमिटेड (हैफेड) के चेयरमैन रहे। 2024 में विधानसभा स्पीकर बने 2019 में वे दूसरी बार घरौंडा से विधानसभा चुनाव जीते। 2024 में उन्होंने तीसरी बार घरौंडा से विधानसभा चुनाव जीता और अक्टूबर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष के लिए प्रस्तावित किया, जिसके बाद वे सर्वसम्मति से 18वें स्पीकर चुने गए। भाई देवेंद्र सिंह राज्य निर्वाचन आयुक्त उनके भाई देवेंद्र सिंह कल्याण भारतीय राजस्व सेवा के पूर्व अधिकारी हैं। उन्हें 2025 में हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया। इसके अलावा, हरविंद्र कल्याण सार्वजनिक लेखा समिति और अनुमानों की समिति के अध्यक्ष पद पर भी कार्य कर चुके हैं। वे कृषि व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और शिक्षा व महिला सशक्तिकरण के सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं।