हरियाणा विधानसभा बजट सत्र का आज 5वां दिन है। चौथे दिन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी। प्रश्नकाल से सत्र की शुरुआत होगी। प्रश्नकाल में सत्ता और विपक्ष के 20 विधायकों ने सवाल लगाए हैं। जिसमें आयुष्मान कार्ड से लेकर जलभराव की समस्याओं के मुद्दे शामिल किए गए हैं। विधायक शून्यकाल के दौरान भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे। वहीं सीएम नायब सैनी ने सदन से पहले ब्रीफिंग के लिए कमेटी रूम में मंत्रियों और विधायकों की मीटिंग बुलाई है, जिसमें प्रश्नकाल में पूछे जाने वाले सवालों के जवाब को लेकर वह मंथन करेंगे। लंच के बाद सदन में गवर्नर एड्रेस पर सत्ता और विपक्ष के द्वारा चर्चा की जाएगी। सीएम नायब सैनी कल गवर्नर एड्रेस पर हुई चर्चा का रिप्लाई देंगे। यहां जानिए कौन विधायक किस मुद्दे को उठाएगा… आयुष्मान कार्ड का मुद्दा गूंजेगा बलवान सिंह दौलतपुरिया (फतेहाबाद) से विधायक ने बीटी.-5 कपास बीज पर शोध किए जाने को लेकर सवाल पूछा है। वहीं कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला (कैथल) आयुष्मान कार्ड से किए जा रहे इलाज का मुद्दा उठाएंगे। कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल (झज्जर) अपनी झज्जर विधानसभा के गांव कलियावास, खानपुर कलां, मुंडसा, खोर, बहु, नोगांवां, साल्हावास, मातनहेल, धाना धानीरवास तथा झज्जर शहर में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति को लेकर सवाल पूछेंगी। विनेश उठाएगी जलभराव का मुद्दा गन्नौर से निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान, नगर पालिका का दर्जा नगर परिषद के रूप में दिए जाने का सवाल सदन में रखेंगे। वहीं राम कुमार कश्यप (इंद्री) से विधायक इंद्री विधानसभा के गांव शेरगढ़ टापू को उत्तर प्रदेश सीमा से जोड़ने के लिए धनौरा एस्केप पर एक पुल के निर्माण करने को लेकर सरकार से जवाब तलब करेंगे। वहीं पूर्व रेसलर विनेश फोगाट (जुलाना) से विधायक जलभराव का मुद्दा उठाएगी। 9 साल से सीवरेज प्रोजेक्ट नहीं पूरा देवेंद्र हंस (गुहला) से विधायक ने पूछा है कि 2016-17 में सीवन में शुरू हुई सीवरेज परियोजना 9 वर्ष बाद भी अधूरी पड़ी है; यदि हां, तो इस परियोजना में हुई अनियमितताओं तथा देरी के लिए सरकार द्वारा कोई जांच शुरू न करने के क्या कारण हैं तथा इनकी जांच कब तक कराए जाने की संभावना है। क्या सरकार इससे अवगत है कि खोदी गई सड़कों को लंबे समय तक खुला छोड़ने के कारण बहुत सी सड़कें धंस गई हैं तथा रिहायशी घरों में गंभीर संरचनात्मक दरारें आ गई हैं तथा क्षतिग्रस्त हो गए हैं। यहां पढ़िए चौथे दिन की कार्यवाही के प्रमुख मुद्दे… हमारे नेता हाउस अरेस्ट किए- हुड्डा सत्र की शुरुआत में रोहतक से कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने हरियाणा में कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का मुद्दा उठाया। इस पर स्पीकर हरविंद्रर कल्याण ने कहा कि ये यूटी प्रशासन का फैसला है। इस पर हुड्डा ने कहा कि सरकार जवाब नहीं देगी तो हम विधानसभा से मुख्यमंत्री को बाहर नहीं निकलने देंगे। हुड्डा CM से बोले- मुझे न बताएं जाम क्यों लगा मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हर बार कांग्रेस एक नया शिगूफा लेकर आती है। हाउस अरेस्ट की हमारी जानकारी में कोई मामला नहीं है। चंडीगढ़ में सेक्टर 25 में स्थान निर्धारित है, वहां जाकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। मगर विधानसभा के आसपास प्रदर्शन किया, इस पर यूटी प्रशासन ने संज्ञान लिया है। इस पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मैं हाईकोर्ट का सीनियर वकील रहा हूं। मुझे ना बताएं कि जाम किस कारण लगा है। सरकारी नौकरी पर जोरदार हंगामा दोपहर बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सदन में कार्य स्थगन प्रस्ताव रखा। इस दौरान HSC और HPSC में नौकरियों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल के HPSC ऑफिस में अटैची मिलने के बयान पर पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि आपके समय में नौकरियां रोहतक से बांटी जाती थीं। मैं यदि नाम पढ़ूंगा तो बवाल हो जाएगा। उन्होंने गायत्री हुड्डा का नाम लिया। बोले- ये राजेंद्र सिंह हुड्डा की बेटी है, जो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के भतीजे हैं। पूर्व सीएम हुड्डा ने मंत्री को टोका। कहा कि हम पांच भाई, किसी के भी बेटे का नाम राजेंद्र नहीं, मंत्री अपनी बात साबित करें। सीएम ने सरकार को घेरा, दो घंटे तक भाषण इसके बाद सीएम सैनी ने विपक्ष के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि एक भर्ती रोको गैंग खड़ा किया है, जिसके कारण अधिकांश भर्तियां कोर्ट में चली गईं। मगर, कोर्ट ने सभी भर्तियों पर ऐसी मुहर लगाई है कि वह फिर से सही हो गईं। कहा कि कांग्रेस शासन में 2005-2008 तक एक भी भर्ती नहीं हुई। 2009 में सिर्फ 22, 2010 में 173, 2011-2012 में करीब 1 हजार और 2013 में भी करीब 1 हजार युवाओं की भर्ती की गई। कांग्रेस ने 10 साल में कुल 3593 नौकरियां दी। हमारी सरकार ने 2024-2025 में 3 हजार से ज्यादा को नौकरी दी। पिछले 10 साल में 11 हजार से ज्यादा नौकरी दी है।