हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र की आज (24 फरवरी) तीसरे दिन की कार्यवाही हंगामेदार रही। कांग्रेस के पैदल मार्च को लेकर भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने सवाल उठाए। इस पर CM नायब सैनी ने कहा कि प्रदर्शन करना है तो सेक्टर 25 में करें। इसके जवाब में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमें प्रदर्शन करने से कोई नहीं रोक सकता। हम तसल्ली करके छोड़ेंगे, ऐसे नहीं छोड़ेंगे। वहीं, स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद को फोन चलाने पर टोका। स्पीकर ने कहा, “यह गलत है। कल भी कुछ सदस्य सदन में फोन का इस्तेमाल कर रहे थे। यह सही नहीं है।” अब विधानसभा की कार्यवाही के बड़े अपडेट्स जानिए…. बुढ़ापा पेंशन पर हंगामा, मंत्री बोले- तसल्ली बैठानी पड़ेगी बजट सत्र की शुरुआत में कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने पूछा कि कितने लोगों की वृद्धावस्था पेंशन वेरिफाई कराने के नाम पर रोकी गई? इसका मंत्री कृष्ण बेदी ने जवाब दिया कि बुढ़ापा पेंशन में डेथ केस की वजह से 78 हजार पेंशन कटी हैं। अपात्रता पाए जाने पर 5 हजार से ज्यादा पेंशन कटी हैं। बहुत सी विधवा अब बुढ़ापा पेंशन में कनवर्ट हुई हैं। विधायक ने टोकते हुए कहा- इतना टाइम वेस्ट करने की जरूरत नहीं। सिर्फ यह बताएं कि कितनी पेंशन वेरिफिकेशन के नाम पर रोकी हैं। इस पर बेदी बोले-तसल्ली तो बैठानी पड़ेगी। इसके बाद CM नायब सैनी ने कहा कि विपक्ष ने बुजुर्गों के बीच अफवाह फैलाकर पाप किया है। कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने सीएम को जवाब देने की कोशिश की तो स्पीकर उन्हें रोक दिया। विनेश मंत्री से बोलीं- मंत्री तालाब पार करके दिखाएं जुलाना से कांग्रेस विधायक एवं पूर्व ओलिंपियन रेसलर विनेश फोगाट की खेल मंत्री गौरव गौतम से गांव रामराम में स्वीमिंग पूल को लेकर बहस हुई। विनेश ने पूछा- क्या गांव रामराय में स्विमिंग पूल के लिए दो एकड़ भूमि दान दी गई थी। क्या वहां स्विमिंग पूल निर्माण का कोई प्रस्ताव विचाराधीन है। यदि नहीं, तो उसके क्या कारण हैं? मंत्री गौरव गौतम ने जवाब दिया-पूल का निर्माण का प्रस्ताव नहीं है। यह व्यवहारिक नहीं है। विनेश ने कहा- आप बताएं व्यवहारिक क्यों नहीं है। यहां रोज 250-300 बच्चे प्रैक्टिस करते हैं। बच्चे तालाब में प्रैक्टिस कर रहे हैं। उन्हें एलर्जी हो रही है। मंत्री जी आप मेरे साथ चलें-एक बार तैर कर तालाब पार करें। मैं कहती हूं-यदि मंत्री को अस्पताल में भर्ती न होना पड़े तो मैं दावा छोड़ दूंगी। CM सैनी बोले- मेरे पास घोटालों की फाइल IDFC फर्स्ट बैंक के घोटाले का मामला भी उठा। CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि पूरी राशि हमारे खातों में जमा हो गई है। 556 करोड़ रुपए मूल और 22 करोड़ रुपए ब्याज का भी आ गया है। हमने 24 घंटे के भीतर रिकवरी कर ली है। ये पूरा मामला चंडीगढ़ बैंक की शाखा के लोअर क्लास के कर्मचारियों ने मिलीभगत करके अंजाम दिया। इसी दौरान सीएम सैनी ने कांग्रेस को भी घेरा। कहा कि हमारी सरकार एक-एक पाई का हिसाब रखती है। पहले की सरकारों में तो घोटालों की फाइलों को भी दबा दिया जाता था। मेरे पास कई फाइलें हैं। सीएम के इस बयान को लेकर कांग्रेस के विधायकों ने हंगामा किया। सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च विधानसभा की तीसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सुबह 10 बजे बुढ़ापा पेंशन, नौकरी समेत अन्य मांगों को लेकर कांग्रेस विधायकों ने एमएलए हॉस्टल से विधानसभा तक पैदल मार्च निकाला। इस मार्च का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया। कांग्रेसी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। कांग्रेसी अपने हाथों में विभिन्न मांगों के पोस्टर भी लिए हुए थे।
IDFC बैंक घोटाले में पंचकूला ACB ने दर्ज की FIR:DSP करेंगे 590 करोड़ रुपए की हेराफेरी की जांच; दो बैंकों से जुटा रहे रिकॉर्ड… विधानसभा की कार्यवाही के अपडेट्स जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…