हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र का आज (25 फरवरी) चौथा दिन है। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई। रोहतक से कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने हरियाणा में कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का मुद्दा उठाया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमारी सुरक्षा पर सवाल है, सरकार को इस पर जवाब देना होगा। इस पर स्पीकर हरविंद्रर कल्याण ने कहा कि ये यूटी प्रशासन का फैसला है। ये विधानसभा परिसर में नहीं हुआ। इसलिए वो यहां का विषय नहीं है। इस पर हुड्डा ने कहा कि सरकार जवाब नहीं देगी तो हम विधानसभा से मुख्यमंत्री को बाहर नहीं निकलने देंगे। कांग्रेस विधायकों ने सदन में हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं की फोटो लहराई। इस पर मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि हो सकता है सिक्योरिटी गार्ड खड़े कर फोटो खिंचवाई गई हो। इसकी जांच होनी चाहिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी को हाउस अरेस्ट नहीं किया गया। महिपाल ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री जवाब दे चुके हैं। हुड्डा ने कहा कि उन्होंने सुना नहीं। महीपाल ढांडा ने पलटवार करते हुए कहा कि क्या आप सदन में सिर्फ गुलछर्रे उड़ाने आते हो? इसके बाद भी कांग्रेस ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। हुड्डा CM से बोले- मुझे न बताएं जाम क्यों लगा मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हर बार कांग्रेस एक नया शिगूफा लेकर आती है। हाउस अरेस्ट की हमारी जानकारी में कोई मामला नहीं है। चंडीगढ़ में सेक्टर 25 में स्थान निर्धारित है, वहां जाकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। मगर विधानसभा के आसपास प्रदर्शन किया, इस पर यूटी प्रशासन ने संज्ञान लिया है। इस पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मैं हाईकोर्ट का सीनियर वकील रहा हूं। मुझे ना बताएं कि जाम किस कारण लगा है। गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा के बीच कॉरिडोर बनेगा मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि 24 फरवरी को एक बैठक हुई थी, जिसमें गुरुग्राम से फरीदाबाद और नोएडा के बीच बनने वाले रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) कॉरिडोर के अंतिम एलाइनमेंट को स्वीकृति दी गई है। इस कॉरिडोर का 52 किलोमीटर का भाग हरियाणा में होगा। यह गुरुग्राम के इफको चौक से शुरू होकर फरीदाबाद और नोएडा को जोड़ेगा, जिससे ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिलेगी। यह गुरुग्राम की मेट्रो लाइन से भी जुड़ेगा। फरीदाबाद में 16 किलोमीटर का इंटीग्रेटेड सेक्शन जुड़ेगा। इसकी जल्द ही डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाकर काम पूरा किया जाएगा। मनरेगा को लेकर कांग्रेस ने बुलाया प्रदर्शन कांग्रेस ने मनरेगा का नाम जी राम जी करने को लेकर आज विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया था। चंडीगढ़ पुलिस ने परमिशन देने से इनकार करते हुए सेक्टर 9 स्थित कांग्रेस कार्यालय के पास BNS की धारा 163 (पहले 144) लगाई है। साथ ही ऑफिस के बाहर नोटिस भी चिपका दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हर जिले में पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट किया है। विधानसभा की कार्यवाही के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…