हरियाणा विधानसभा में राज्यसभा चुनाव पर हंगामा:हुड्‌डा बोले- मंत्री डांस करने लग जाते हैं, बेदी ने कहा- रिकॉर्डिंग निकलवाओ, मैं सॉरी बुलवाऊंगा

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के 12वां दिन राज्यसभा चुनाव पर जमकर हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने कहा कि सरकार के मंत्री डांस करने लग जाते हैं, यह क्या तरीका है? इस पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा, “आप रिकॉर्डिंग निकलवा लो, यदि मैंने डांस किया हो तो मैं हाउस में सॉरी बुलवाऊंगा, फिर छोड़ूंगा नहीं।” लंच के बाद फिर कांग्रेस विधायकों ने राज्यसभा चुनाव को लेकर हंगामा किया। इस पर स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने आठ कांग्रेस विधायकों को नेम किया, जिसके बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी खड़े हुए और उन्होंने शायरी पढ़ते हुए कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा, “मैं हैरान हूं कि इतने सीनियर नेता होने के बाद भी यह नहीं जानते हैं कि न वोट चोरी होती है, न ईवीएम में कोई गड़बड़ी होती है। लोकतंत्र की यही तो खूबी है, यह अंतरआत्मा को जगा देता है, अगर वह सोई हुई होती है।” सदन की कार्यवाही के बड़े अपडेट्स…. हंगामा करते हुए वेल तक पहुंचे कांग्रेस विधायक प्रश्नकाल के बाद कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान ने कहा कि जिस तरह से राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप लगे हैं, उससे गरिमा घटी है। ये हालात ऐसे क्यों पैदा हुए हैं। हमारे सदस्य 37 हैं, भाजपा के 48 हैं। इस नंबर गेम में 31 वोट आने चाहिए। फिर तीसरे मेंबर की जरूरत क्या पड़ी। ये प्रजातंत्र का गला घोंटने की बात है। इस पर स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा- “सदन में इस विषय की जरूरत क्या है?” इस पर हंगामा हो गया। कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए वेल तक पहुंच गए और वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे लगाए। इस पर स्पीकर को सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। साइबर क्राइम के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा नूंह से कांग्रेसी विधायक आफताब अहमद ने साइबर क्राइम का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार बता रही है कि अपराध में कमी आई है, लेकिन इससे निपटने के लिए और भी काम होना चाहिए। उन्होंने फरीदाबाद और गुरुग्राम में साइबर क्राइम कमिश्नरेट बनाने की मांग की। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इसका जवाब देते हुए कहा कि साइबर क्राइम विभाग हमारी सरकार ने बनाया है, कांग्रेस के समय में तो यह था ही नहीं। इस पर कांग्रेस के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि अब आपने आरोप लगाए हैं तो इसका जवाब देना ही होगा। हमारी सरकार इस पर लगातार काम कर रही है। विधानसभा सत्र के अपडेट्स के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *