हरियाणा के सीनियर IPS अफसर वाई पूरन कुमार का चौथे दिन भी पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया। परिवार को मनाने के लिए हरियाणा सरकार ने ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की ड्यूटी लगाई है। पंवार ने 2 बार IG की पत्नी अमनीत पी. कुमार से मुलाकात कर पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार के लिए राजी करने की कोशिश की। शुक्रवार रात 10 बजे होम सेक्रेटरी डॉ. सुमिता मिश्रा ने पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी. कुमार से मीटिंग की। इसमें पोस्टमॉर्टम पर सहमति बन गई है। कल सुबह परिवार पोस्टमॉर्टम करा सकता है। पूरन कुमार की डेडबॉडी सेक्टर 16 स्थित अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखी है। अभी यह क्लियर नहीं हो पाया है कि पोस्टमॉर्टम यहीं होगा या परिवार PGI से कराएगा। परिवार की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस मामले में गुरुवार देर रात चंडीगढ़ के सेक्टर 11 थाने में हरियाणा के चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी, DGP शत्रुजीत कपूर और रोहतक SP नरेंद्र बिजारणिया सहित 15 अफसरों पर भारत न्याय संहिता (BNS) की धारा 108, 3(5) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(r) के तहत FIR दर्ज की गई थी। यह हरियाणा के इतिहास में पहली बार है। शुक्रवार को चंडीगढ़ पुलिस ने सुसाइड के मामले की जांच के लिए IG पुष्पेंद्र कुमार की अध्यक्षता में 6 सदस्यीय SIT बनाई। SIT में चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर भी शामिल हैं। उधर, हरियाणा सरकार ने IG पूरन कुमार के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। उनके सेक्टर 24 स्थित सरकारी आवास के बाहर पुलिस का अस्थायी बूथ बनाया गया है। साथ ही पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है। 3 पॉइंट में जानिए आज क्या-क्या हुआ…. 1. DGP कपूर की छुट्टी तय, 3 अधिकारी रेस में
सूत्रों के मुताबिक DGP शत्रुजीत कपूर की छुट्टी लगभग तय है। इनकी जगह IPS अफसर ओपी सिंह, आलोक मित्तल और अरशिंद्र सिंह चावला में से एक की DGP बनने की चर्चा है। बताया गया है कि आलोक गुरुवार देर रात CM नायब सैनी के साथ मीटिंग करने पहुंचे थे। आलोक मित्तल DGP रैंक के IPS अफसर बन गए हैं। ओपी सिंह की जल्द रिटायरमेंट को देखते हुए ये फैसला लिया गया है। आलोक मित्तल के साथ IPS अरशिंद्र सिंह चावला को भी DG रैंक मिली है। उधर, यह भी जानकारी सामने आई है कि रोहतक SP नरेंद्र बिजारणिया पर भी गाज गिर सकती है। 2. अमनीत की SSP से हॉट टॉक, FIR में आरोपियों के नाम न होने पर एतराज
IPS पूरन की IAS पत्नी अमनीत पी. कुमार ने FIR पर एतराज जताया है। उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस को एप्लिकेशन देकर कहा कि FIR में आरोपी अफसरों के नाम अलग से कॉलम में नहीं लिखे गए हैं। FIR को फिक्स फॉर्मेट में लिखा जाए। इसको लेकर उनकी चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर से हॉट टॉक भी हुई है। 3. NCSC के चेयरमैन बोले- परिवार को न्याय दिलाएंगे
शुक्रवार शाम को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) के चेयरमैन अशोक मकवाना IG पूरन कुमार के परिवार से मिलने के लिए उनके सरकारी आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार से करीब डेढ़ घंटे बात की। बाहर आकर अशोक मकवाना ने कहा कि परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। अब जानिए मामले में आगे क्या… IG सुसाइड केस के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाएं…