हांसी में एक्सीडेंट में 2 बच्चों के पिता की मौत:दादरी से पत्नी का ऑपरेशन करवाने आया था; खाना खाने निकला तो गाड़ी ने ठोका

हांसी में रविवार देर रात हांसी–दिल्ली हाईवे पर हुए सड़क हादसे में चरखी दादरी जिले के बाढ़डा निवासी 45 वर्षीय किसान युद्धवीर की मौत हो गई। वह अपनी पत्नी का ऑपरेशन करवाने के लिए हांसी आए हुए थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार, बाढ़डा क्षेत्र के आर्य नगर निवासी युद्धवीर अपनी पत्नी को हांसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाकर रुके हुए थे। पत्नी का ऑपरेशन सफल होने के बाद वह रात को खाना खाने के लिए निकले। टायर फटने से हुआ हादसा शहर के अधिकांश होटल बंद होने के कारण युद्धवीर हांसी–दिल्ली हाईवे स्थित पैराडाइज होटल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार का एक टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे एक टाटा कैंटर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युद्धवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायल युद्धवीर को तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ मृतक के चचेरे भाई महिपाल ने बताया कि युद्धवीर खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो बच्चे हैं। पत्नी का सफल ऑपरेशन होने के बाद परिवार ने राहत महसूस की थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने दर्ज किया मामला घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना से सब इंस्पेक्टर प्रेम स्वरूप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के बेटे नवीन के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *