हांसी जिले के बास क्षेत्र के गांव भकलाना में 10 फरवरी की रात हुए झगड़े में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक ने जींद के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ा। पुलिस ने इस केस में हत्या की धारा जोड़कर जांच तेज कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव भकलाना निवासी कमल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका 45 वर्षीय छोटा भाई राजेश उर्फ राजू 10 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे मोहल्ला रोड पशु अस्पताल के पास घायल हालत में मिला था। कहासुनी के बाद आरोपी ने पत्थर से हमला किया आरोप है कि भकलाना निवासी अमन उर्फ निका ने कहासुनी के बाद पत्थर (खंभे का टुकड़ा) से राजेश के सिर और चेहरे पर कई वार किए थे। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने गाली-गलौज व धक्का-मुक्की। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया था। मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोटें मिलीं परिजनों ने घायल राजेश को सिविल अस्पताल जींद लेकर गए। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरो ने उसे रोहतक PGI रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसे जींद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLR) में राजेश के सिर व चेहरे पर पांच गंभीर चोटें दर्ज की गई थीं। पुलिस ने केस में मर्डर की धारा जोड़ी बास थाना पुलिस के अनुसार, घायल की मौत के बाद नागरिक अस्पताल जींद में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने पहले दर्ज किए केस में हत्या की धारा जोड़कर जांच तेज कर दी है। जांच अधिकारी बोले- आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे बास थाना इंचार्ज बलवान सिंह ने बताया कि राजेश उर्फ राजू के साथ मारपीट की शिकायत मिली थी, जिसके बाद केस दर्ज किया गया था। इलाज के दौरान जींद के निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। उन्होंने पुष्टि की कि मामले में हत्या की धारा जोड़कर सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।