हांसी जिले के बास क्षेत्र के आरपीएस स्कूल गढ़ी के पास मंगलवार शाम को सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई। वह अपने दोस्त पुनीत के साथ बाइक पर हिसार दवाई लेने जा रही थी, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। युवती की पहचान रोहतक की 22 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में श्याम कॉलोनी रोहतक निवासी पुनीत ने बताया कि वह पी. दास प्रोजिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सीएनसी ऑपरेटर है। उसकी दोस्त लक्ष्मी मदीना स्थित एक नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। मंगलवार को लक्ष्मी कॉलेज में कुछ कागजात लेने आई थी और उसने पुनीत को मदीना बुलाया था। बाइक से दवाई लेने हिसार जा रहे थे पुनीत अपने दोस्त सचिन की बाइक पर मदीना पहुंचा। लक्ष्मी ने पुनीत को बताया कि उसकी तबीयत खराब है और उसे हिसार से दवाई लेनी है। इसके बाद दोनों बाइक से हिसार के लिए रवाना हो गए। तेज रफ्तार ने मारी टक्कर जब वे आरपीएस स्कूल गढ़ी के पास पहुंचे, तो पीछे से आए एक लंबी बॉडी वाले ट्रक के ड्राइवर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पुनीत हाईवे से नीचे कच्ची जमीन की ओर झाड़ियों में जा गिरा, जबकि लक्ष्मी सड़क पर गिर गई और ट्रक के पहियों की चपेट में आ गई। राहगीर दोनों को अस्पताल लेकर गए राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत हांसी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल पुनीत को हिसार के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। ट्रक ड्राइवर पर केस दर्ज सूचना मिलने पर सोरखी पुलिस चौकी के एएसआई अनिल कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बास थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ट्रक ड्राइवर की तलाश कर रही है। परिजनों को सौंपा शव पुलिस ने लक्ष्मी के शव का हांसी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।