हरियाणा के हांसी शहर के सिसाय फ्लाईओवर पर रविवार को एक सड़क हादसे में बुलेट सवार वकील रमेश कुमार की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे हेलमेट में दरार आ गई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हांसी बार एसोसिएशन के सदस्य मृतक की पहचान सिसाय गांव के रमेश कुमार के रूप में हुई है। वह पिछले करीब पांच वर्षों से अपने परिवार के साथ हांसी की वकील कॉलोनी में रह रहे थे। रमेश पेशे से वकील होने के साथ-साथ खेतीबाड़ी भी करते थे और हांसी बार एसोसिएशन के सदस्य थे। जानकारी के अनुसार रमेश कुमार सिसाय में आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अपने पिता को छोड़कर बुलेट पर हांसी लौट रहे थे। कार्यक्रम में सांसद सुभाष बराला भी मौजूद थे। पुलिस ने लोगों की मदद से भिजवाया अस्पताल जैसे ही वह सिसाय फ्लाईओवर से हिसार की तरफ मुड़कर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल रमेश को तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वाहन ड्राइवर की तलाश जारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है और आरोपी वाहन ड्राइवर की तलाश जारी है। रमेश कुमार अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनके दोनों बच्चे राजस्थान में पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि उनकी पत्नी गृहिणी हैं। रमेश कुमार अपनी पांच बहनों में इकलौते भाई थे। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और परिचित हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचने लगे, जिससे माहौल गमगीन हो गया।