हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात करेंगे। इस दौरान हिमाचल से राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी कौन बनेगा, इसे लेकर सीएम हाईकमान से चर्चा करेंगे। राज्यसभा चुनाव के लिए अब 3 दिन बचे हैं, क्योंकि 5 मार्च को नामांकन भरे जाने हैं। हिमाचल से राज्यसभा चुनाव के लिए 3 बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल का नाम प्रमुख तौर पर लिया जा रहा है। मगर पिछले तीन-चार दिनों के दौरान स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल, सीएम के आईटी एडवाइजर गोकुल बुटेल और एडवोकेट जनरल अनूप रत्न का नाम भी चर्चा में है। इनमें से कौन नेता राज्यसभा जाएगा, यह फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस हाईकमान आज अपना प्रत्याशी तय कर सकता है, लेकिन 4 मार्च तक उम्मीदवार के नाम के खुलासे की कम संभावना है। फरवरी 2024 के राज्यसभा चुनाव में हार से मिले अनुभव को देखते हुए हाईकमान इस बार नामांकन से कुछ घंटे या एक दिन पहले ही प्रत्याशी के नाम का ऐलान करेगी, ताकि भारतीय जनता पार्टी को चुनाव में रणनीति बनाने का अवसर न मिले। कांग्रेस ने गैर-हिमाचली को टिकट दिया तो BJP भी उम्मीदवार देगी BJP के सूत्र बताते हैं कि यदि कांग्रेस गैर-हिमाचली को प्रत्याशी बनाती है तो बीजेपी भी अपना उम्मीदवार उतार सकती है। फरवरी 2024 में भी बीजेपी ने सत्तारूढ़ कांग्रेस के गैर-हिमाचली उम्मीदवार का फायदा उठाकर राज्यसभा चुनाव जीता था और बीजेपी के हर्ष महाजन कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी से चुनाव जीत गए थे। BJP से 4 नाम चर्चा में भाजपा मौजूदा राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी पर दोबारा दांव खेल सकती है। मंडी यूनिवर्सिटी की पूर्व प्रो वाइस चांसलर अनुपमा कंवर और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की प्रो चांसलर हिमानी सूद का नाम भी चर्चा में है। पार्टी के एक धड़े द्वारा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल को भी राज्यसभा उम्मीदवार बनाने की पैरवी किए जाने की चर्चा है। हालांकि, इस मसले पर पार्टी का कोई भी नेता अभी पत्ते खोलने को तैयार नहीं है। BJP के पास बहुमत से 7 विधायक कम हालांकि, 68 विधायकों वाली हिमाचल विधानसभा में BJP के पास बहुमत से 7 विधायक कम हैं और कांग्रेस के पास बहुमत से 5 विधायक ज्यादा हैं। मगर इस बात को नहीं भुलाया जा सकता है कि फरवरी 2024 के राज्यसभा चुनाव में भी बीजेपी के पास बहुमत से 9 विधायक कम थे। इंदू का कार्यकाल अप्रैल में पूरा हो रहा बता दें कि राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी का 6 साल का कार्यकाल अप्रैल में पूरा हो रहा है। लिहाजा इससे पहले राज्यसभा चुनाव कराए जाने हैं। इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, 16 मार्च को चुनाव होने हैं।