हिमाचल के 5 जिलों में आज आंधी-तूफान की चेतावनी:कल-परसों वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ेगा, 3 और 4 अप्रैल को फिर बारिश-ओलावृष्टि

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में आज भी मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में बारिश, आंधी और तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं और गर्जना के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि प्रदेश के अन्य भागों में मौसम सामान्य रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिन यानी कल और परसों पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) कमजोर पड़ेगा। इससे राज्य के मध्यम ऊंचे व मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। 3-4 को फिर भारी बारिश-ओलावृष्टि IMD ने 3 और 4 अप्रैल को एक बार फिर से मौसम के बिगड़ने की चेतावनी दी है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम के ये तेवर 5 अप्रैल तक बने रह सकते हैं। बीते 24 घंटे में धर्मशाला में सबसे ज्यादा बारिश वहीं बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई इलाकों में मौसम ने करवट बदली। शिमला, धर्मशाला, कांगड़ा सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। धर्मशाला में सबसे ज्यादा 27 मिमी बादल बरसे। शिमला-कुमारसैन में ओलावृष्टि वहीं शिमला शहर और कुमारसैन में भारी ओलावृष्टि देखने को मिली। इससे स्टोन फ्रूट्स, मटर और फूलगोभी की फसल को नुकसान पहुंचा है। तापमान में भारी गिरावट मौसम में आए बदलाव के बाद तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों का तापमान सामान्य से 10 डिग्री तक नीचे गिरा है। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 10.8 डिग्री नीचे गिरकर 18.6 डिग्री सेल्सियस रह गया, जबकि शिमला का तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री कम होकर 15.8 डिग्री और धर्मशाला का तापमान 3.7 डिग्री की गिरावट के बाद 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रा करते समय सावधानी बरतने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *