हिमाचल में जनशताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव:कोच के शीशे टूटे, यात्री बाल-बाल बचे, आनंदपुर साहिब-नंगल डैम सेक्शन में वारदात

हिमाचल प्रदेश के ऊना में जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर मंगलवार रात पथराव की घटना सामने आई है। यह वारदात आनंदपुर साहिब से नंगल डैम रेलवे सेक्शन के बीच हुई, जहां कुछ शरारती तत्वों ने ट्रेन के कोचों पर पत्थर फेंक दिए। पथराव में कोच के शीशे टूट गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, जनशताब्दी एक्सप्रेस नई दिल्ली से ऊना की ओर जा रही थी। इसी दौरान जिंदबड़ी क्षेत्र के पास कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने ट्रेन को निशाना बनाया। घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। क्षेत्र में पथराव की पहली घटना रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस सेक्शन में जनशताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव की यह पहली घटना बताई जा रही है। हालांकि, इससे पहले इसी रूट पर आनंदपुर साहिब से अंब-अंदौरा रेलवे सेक्शन के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस पर तीन से चार बार पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आरपीएफ जवानों ने गश्त बढ़ाई लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पहले ही इस रेलवे सेक्शन में गश्त बढ़ा दी थी। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले प्रवासी परिवारों और उनके बच्चों को जागरूक किया गया था। आरपीएफ की ओर से पत्थरबाजी में शामिल पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी। फिलहाल, जनशताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले शरारती तत्वों की पहचान नहीं हो पाई है। रेलवे और आरपीएफ की टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं और दोषियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *