हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की बीकॉम फाइनल परीक्षा में राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय सुजानपुर की स्टूडेंट सनबी जैन ने प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया है। एक व्यवसायी पिता और गृहिणी मां की बेटी सनबी का लक्ष्य चार्टर्ड एकाउंटेंट बनना है। सनबी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कॉलेज के प्राध्यापकों को दिया है। परीक्षा के दौरान शांत मन से तैयारी उन्होंने बताया कि वे नियमित रूप से पढ़ाई करती हैं और आज का काम कभी कल पर नहीं छोड़तीं। परीक्षा के दौरान उन्होंने शांत मन से तैयारी की और अपने ऊपर अनावश्यक दबाव नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि मेहनत करने पर सफलता हासिल होती है। उन्होंने अपनी सफलता के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि रोजाना समय पर पढ़ाई करने से उन्हें यह सफलता हासिल हुई है। स्टूडेंट्स को दिया संदेश उन्होंने कहा कि पढ़ाई को स्ट्रेस के तौर पर नहीं लेना चाहिए। उन्होंने अन्य स्टूडेंट्स को संदेश देते हुए कहा कि अगर बुक्स को ठीक ढंग से समझा जाए तो सफलता दूर नहीं है। महाविद्यालय की प्राचार्य विभा ठाकुर और समस्त प्राध्यापकों ने सनबी को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। स्थानीय समुदाय ने भी उनकी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है। सनबी का मानना है कि आत्मविश्वास और मेहनत से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।