हिमाचल में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी:पेड़ से लटका मिला करण, कुछ दूरी पर याशिका की बॉडी बरामद; प्रेम प्रसंग की आशंका

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के करालघाट क्षेत्र में दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूर देवता मंदिर के पास युवक का शव पेड़ से लटका मिला, जबकि कुछ दूरी पर युवती की डेडबॉडी बरामद की गई। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए परवाणू के ईएसआई अस्पताल भेज दिए है। मृतक की पहचान करण (21 साल) पुत्र लायक राम निवासी गांव पदग्यानी कुमारहट्‌टी सोलन और याशिका लामा (20) पुत्री राजू गौतम बुष विहार देओंघाट (मूल निवासी नेपाल) के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार, सोलन के भोजनगर क्षेत्र में सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे एक व्यक्ति गाड़ी से करालघाट देवता मंदिर के पास से जा रहा था। इस दौरान उसने पेड़ पर युवक के शव को लटका हुआ देखा। कुछ दूरी पर व्यक्ति ने युवती को भी देखा। युवती के नाक और मुंह से खून निकल रहा था। उस व्यक्ति ने इसकी सूचना भोजनगर पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने उसी वक्त मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया। एफएसएल द्वारा जांच पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लिए। पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों के बयान भी कलमबद्ध कर दिए है। प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला प्रारंभिक की अब तक की जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है, लेकिन पुलिस ने आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इससे मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा। बीते कल दोनों बाइक पर घूमने भोजनगर साइड आए थे। करण कई बार लड़की के घर जाता रहता था पुलिस के अनुसार, युवक-युवती काफी समय से एक दूसरे को जानते थे और लड़का कई बार लड़की के घर आता जाता रहता था। लड़का याशिका लामा से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की मुकर रही थी। परिजनों से पुलिस पूछताछ में मालूम पड़ा है कि दोनों में लड़ाई भी होती रही है। करण कंप्यूटर कोर्स कर रहा था, जबकि याशिका ब्यूटिशन का कोर्स कर रही थी। फॉरेसिंक टीम ने साक्ष्य जुटाए: SP एसपी सोलन टी एसडी वर्मा के मुताबिक पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू से तफ्तीश में जुटी है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी कई सबूत जुटाए है। परिजनों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *