हिमाचल विधानसभा के बाहर BJP विधायकों का प्रदर्शन:एंट्री टैक्स और पेट्रोल-डीजल पर सेस का विरोध, सदन में गूंजेगा रोबोटिक सर्जरी का मसला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सेशन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष ने सदन के बाहर प्रदर्शन किया। बीजेपी विधायकों ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पेट्रोल-डीजल पर राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित सेस और एंट्री टैक्स का विरोध किया गया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि जब फैसले जल्दबाजी में बिना सोचे-समझे लिए जाते है तब ऐसा होता है। एंट्री टैक्स के कारण हिमाचल के जिन इलाकों की सीमाएं पड़ोसी राज्यों से लगती है, उन्हें भी परेशानी झेलनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों में भी हिमाचल के एंट्री टैक्स का विरोध हो रहा है और लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे है। उन्होंने कहा कि एंट्री टैक्स में बेतहाशा बढ़ौतरी की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतें नियंत्रित रखने के लिए 10 रुपए प्रति लीटर सेस घटाया है और हिमाचल सरकार 5 रुपए सेस लगाने की तैयारी कर रही है। इसके विरोध में आज प्रदर्शन किया है। सदन में गूंजेगा रोबोटिक सर्जरी का मामला वहीं प्रश्नकाल में में आज रोबोटिक सर्जरी का मामला गूंजेगा। भाजपा के तीन और कांग्रेस के एक विधायक ने रोबोटिक सर्जरी के लिए खरीदी गई महंगी मशनरी, इसके लिए स्टाफ की ट्रेनिंग और चिकित्सा सेवा निगम के जरिए की गई खरीद से जुड़ा सवाल पूछ रखा है। इस मसले पर सदन में आज तपिश देखने को मिल सकती है। विधायकों ने पूछा है कि प्रदेश के कितने अस्पतालों व मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी एवं एमआरआई की सुविधाएं उपलब्ध हैं। एक रोबोटिक सर्जरी मशीन की कितनी लगत है? कितनी मशीनों की आपूर्ति आदेश जारी किए गए और ये कहां-कहां स्थापित की जानी हैं। इनके टेंडर का विधायकों ने ब्योरा मांग रखा है। दूध उत्पादकों की पेमेंट पर तपेगा सदन इसके अलावा, सरकारी उपक्रम मिल्कफेड द्वारा किसानों से खरीदे गए दूध की बकाया राशि के भुगतान का मामला भी सदन में गूंजेगा। बीजेपी विधायक सत्तपाल सत्ती ने इससे जुड़ा प्रश्न पूछ रखा है। राज्य में कई पशुपालकों को दो दो महीने से दूध की पेमेंट का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे पशुपालक भी परेशान है। PWD ऑफिस थलोट से पंडोह शिफ्ट करने पर हंगामे के आसार कांग्रेस विधायक अनुराधा राणा ने लाहौल स्पीति में विंटर खेलों को बढ़ावा देने से जुड़ा सवाल पूछा है। विधानससभा में PWD के थलोट स्थित ऑफिस क पंडोह शिफ्ट करने से जुड़ा सवाल भी लगेगा। दरंग के विधायक पूर्व चंद ठाकुर ने इससे जुड़ा सवाल पूछ रखा है। इस मसले पर भी सदन में हंगामे के आसार है। भाखड़ा बांध विस्थापितों का मामला भी गूंजेगा विधानसभा में भाखड़ा बांध विस्थापितों का मुद्दा भी गूंजेगा। बीजेपी विधायक त्रिलोक जम्वाल इस मामले को सदन में उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *