हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में आज शक्तिपीठ नैना देवी मंदिर में लिफ्ट लगाने का मामला गूंजेगा। बीजेपी विधायक रणधीर शर्मा ने यह सवाल पूछा है। दरअसल, नैना देवी में बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए लिफ्ट लगाने की योजना थी, मगर अब यह काम बंद है। लिहाजा इस मसले पर आज सदन में नोकझोंक देखने को मिल सकती है। कुल्लू-मनाली की जिभी वैली, सैंज, शांघड़, गड़सा और ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में कैरिंग कैपेसिटी से जुड़ा सवाल भी सदन में गूंजेगा। इन पर्यटन स्थलों पर बीते तीन वर्षों के दौरान मानसून में बारिश और बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। इसे देखते हुए बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने सदन में कैरिंग कैपेसिटी से जुड़ा प्रश्न पूछा है। शाहपुर से कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया ने स्क्रैप पॉलिसी से जुड़ा प्रश्न पूछा है। रोहड़ू से विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने जल जीवन मिशन के तहत मिली राशि से जुड़ा प्रश्न पूछा है। अब तक कितना बजट किस विधानसभा में खर्च किया गया, इसकी जानकारी उन्होंने मांगी है। हीमोफिलिया और थैलेसीमिया मरीजों की जानकारी मांगी बीजेपी विधायक विपिन सिंह परमार ने हीमोफिलिया और थैलेसीमिया के मरीजों से जुड़ी जानकारी मांगी है। इसके अलावा भी लोक निर्माण विभाग, एचआरटीसी और स्वास्थ्य विभाग आदि से जुड़े सवाल सदस्यों ने पूछ रखे हैं। बजट अनुमानों पर चर्चा जारी रहेगी प्रश्नकाल के बाद जीरो आवर में भी सत्तारूढ़ और विपक्ष के विधायक कई मुद्दे सदन में उठाएंगे। इसके बाद 2026-27 के बजट अनुमानों पर चर्चा जारी रहेगी।