हिमाचल सरकार को 3600 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व:करसोग मेले में पहुंचे मंत्री राजेश धर्माणी, बोले- क्षेत्र के विकास पर रहेगा जोर

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग में सात दिवसीय जिला स्तरीय नलवाड़ मेला शनिवार को संपन्न हो गया। प्रदेश सरकार के टीसीपी, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर ममलेश्वर महादेव मंदिर से मेला मैदान तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें देव ममलेश्वर महादेव सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। अपने संबोधन में मंत्री धर्माणी ने कहा कि मेले पहाड़ी प्रदेश की समृद्ध प्राचीन संस्कृति का हिस्सा हैं, जिन्हें संजोना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने ‘व्यवस्था में सुधार ही व्यवस्था परिवर्तन’ के सिद्धांत पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
करसोग आईटीआई के लिए अतिरिक्त बजट, नए कोर्स शुरू मंत्री ने करसोग आईटीआई भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप करसोग आईटीआई में नए कोर्स भी शुरू किए जाएंगे। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के सहयोग से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। व्यवस्थित निर्माण पर जोर दिया जा रहा है ताकि भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि सिस्टम को सुदृढ़ किया जा रहा है और नियम-कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है, जिससे आमजन लाभान्वित होगा। भ्रष्टाचार पर अंकुश, 3600 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व उन्होंने प्रदेश की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की बात कही। मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के प्रभावी प्रयासों से 3600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया गया है। इसके अतिरिक्त, शिमला स्थित वाइल्ड फ्लावर होटल को टेकओवर कर राज्य सरकार ने 400 करोड़ रुपये की बकाया राशि हासिल की है, जिससे प्रति माह 2 करोड़ रुपये की आय हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *