हिमाचल CM और जेपी नड्डा आज मंडी जाएंगे:बादल फटने से प्रभावितों का जानेंगे दर्द, केंद्रीय मंत्री से स्पेशल पैकेज की उम्मीद

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और केंद्रीय मंत्री एवं BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज आपदा प्रभावित क्षेत्र मंडी के दौरे पर जा रहे हैं। दोनों नेता सराज, नाचन और करसोग विधानसभा में आपदा प्रभावितों से मिलेंगे। CM सुक्खू इस दौरान राहत एवं बचाव कार्य का रिव्यू करेंगे और अधिकारियों को इसमें तेजी लाने के निर्देश देंगे, क्योंकि BJP अध्यक्ष राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि आपदा के बाद राहत एवं बचाव कार्य में देरी हुई है। अब तक क्षेत्र की सड़कें बहाल नहीं हो पाई। 30 से ज्यादा लोग अभी भी लापता है। कई राहत शिविरों में पीने को स्वच्छ पेयजल नहीं है। लिहाजा CM सुक्खू आज इनकी समीक्षा करेंगे। इस दौरान वह प्रभावितों की मदद को लेकर कई ऐलान कर सकते हैं। कल उड़ान नहीं भर पाया था सुक्खू का हेलिकॉप्टर मुख्यमंत्री सुक्खू का पिछले कल भी सराज जाने का कार्यक्रम था। मगर खराब मौसम की वजह से उनका हेलिकॉप्टर शिमला से उड़ान नहीं भर पाया। इस वजह से वह आज सराज विधानसभा जा रहे है। नड्डा के ऐलान पर प्रभावितों की नजर वहीं जेपी नड्डा आज सबसे पहले मंडी के पंगलियूर पहुंचेंगे। इस दौरान वह प्रभावित परिवारों से बात करेंगे। इसके बाद वह थुनाग जाएंगे, जहां आपदा के कारण भारी नुकसान हुआ है। जेपी नड्डा केंद्र सरकार की तरफ से इस आपदा में मदद को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं। आपदा प्रभावित लोग स्पेशल पैकेज और राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में नड्डा के रुख पर बहुत कुछ निर्भर करेगा। हालांकि साल 2023 में पूरे प्रदेश में इससे भी भीषण तबाही हुई थी। उस दौरान भी राष्ट्रीय आपदा की मांग पूरी नहीं हुई थी। मगर इस बार सराज विधानसभा में 2023 की तुलना में ज्यादा नुकसान हुआ है। जेपी नड्डा के साथ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल भी मौजूद रहेंगे। मंडी में एक ही रात में 400 घर टूटे बता दें कि मंडी जिला के सराज, नाचन, करसोग और धर्मपुर विधानसभा में 30 जून की रात 15 जगह बादल फटने से जान और माल दोनों को बड़ा नुकसान हुआ है। एक ही रात में 400 से ज्यादा घर ढह गए। 42 से ज्यादा लोग लापता हो गए। इनमें से अब तक 14 के शव मिले है, जबकि 30 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। ऐसे में सीएम और केंद्रीय मंत्री के दौरे पर आज मंडी के आपदा प्रभावितों की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *