हिमाचल CM के करीबी पर हमला:पिस्तौल-रॉड से लैश नकाबपोशों ने गाड़ी रोकी, खाई में कूदकर जान बचाई, संदिग्ध अल्टो कार पुलिस ने कब्जे में लिया

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान के बेटे आर्यन चौहान पर बीते शुक्रवार को अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमले का प्रयास किया। हमलावर लगभग 20 घंटे बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस हाई प्रोफाइल मामले में पुलिस कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। बता दें कि आर्यन चौहान युवा कांग्रेस के महासचिव भी हैं। वह मशोबरा के तारापुर क्षेत्र में एक होटल भी चलाते हैं। यह घटना शिमला से लगभग 10 किलोमीटर दूर मशोबरा के तारापुर क्षेत्र की है। आर्यन ने बताया कि वह दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने होटल से बाहर आया और करीब 200 मीटर दूरी पर सफेद रंग की अल्टो कार में सवार चार नकाबपोश हमलावरों ने उनकी गाड़ी रोकने की कोशिश की। जब उन्होंने साइड देने के लिए लाइट दी तो कार से दो नकाबपोश युवक बाहर निकले। इनमें से एक के हाथ में पिस्तौल और दूसरे के हाथ में लोहे की रॉड थी। इस दौरान एक युवक ने गोली चलाने को बोला। ऐसा सुनने के बाद और हमलावरों को अपनी ओर आता देख आर्यन ने अपनी जान बचाने के लिए गाड़ी से उतरकर खाई में छलांग लगा दी। इस दौरान आर्यन की एक टांग में हल्की चोट आई। घटना के बाद उन्होंने तुरंत अपने पिता और पुलिस को सूचना दी। आर्यन ने बताया कि उनकी किसी से कोई निजी रंजिश नहीं है। सभी हमलावर नकाबपोश थे और उन्होंने मास्क पहन रखे थे। इस वजह से वह नकाबपोश लोगों को नहीं पहचान सका। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध कार को अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि वाहन की हालत खराब है और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी होने की आशंका है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और इस हाई-प्रोफाइल मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *