हरियाणा के हिसार जिले के फुटबाल खिलाड़ियों की गाड़ी शनिवार को हादसे का शिकार हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब यह गाड़ी गांव खाबड़ा के पास पहुंची और अचानक चलती गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर खेत में पलट गई। हादसे के वक्त गाड़ी में कुल 19 खिलाड़ी सवार थे। गाड़ी के पलटते ही खिलाड़ियों में चीख पुकार मच गई। इसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह खिलाडियों को बाहर निकाला और भट्टू सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से 7 की हालत चिंताजनक देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सूचना पर भट्टू पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। बताया गया कि इन सभी खिलाड़ियों को सिरसा के रानियां क्षेत्र के गांव हरिपुरा में हो रहे टूर्नामेंट में खेलने जाना था। मगर, हादसा होने की वजह से टूर्नामेंट में शामिल नहीं हो सके। सिलसिलेवार ढंग से जानिए हादसे का पूरा मामला… हादसे की वजह से टूर्नामेंट में नहीं हो सके शामिल उधर, खिलाड़ियों ने बताया कि उन्हें चूली बागड़ियान से भट्टू, चौपटा के रास्ते सिरसा होकर रानियां पहुंचना था। मगर, रास्ते में ही हादसा हो गया। हादसे में घायल होने के कारण सभी खिलाड़ी टूर्नामेंट में भी शामिल नहीं हो सके। जिनको कम चोट लगी, उन्हें घर भेज दिया गया। नर्स पर फर्स्ट एड न देने के आरोप खिलाड़ियों के साथ आए लोगों ने CHC में डॉक्टर नहीं होने और वहां तैनात स्टाफ नर्स पर फर्स्ट एड न देने के आरोप लगाए। इसके बाद कार्यकारी CMO डॉ.बुधराम भट्टू सीएचसी पहुंचे। यहां उन्होंने स्टाफ नर्स से मौखिक स्पष्टीकरण मांगा। इस पर स्टाफ नर्स कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई। CMO बोले- यहां डॉक्टर की पोस्ट खाली कार्यकारी CMO डॉ.बुधराम ने बताया कि भट्टू में डॉक्टर की पोस्ट खाली है। बुधवार, गुरुवार व शुक्रवार को फतेहाबाद से डॉक्टर भेजा जाता है। स्टाफ नर्स को फर्स्ट एड देनी चाहिए थी। सोमवार को इस संबंध में लिखित स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इसके बाद आगामी कार्रवाई करेंगे।
——————— ये खबर भी पढ़ें…
फतेहाबाद में पेड़ से टकराई बाइक, मामा-भांजे की मौत:दोनों काम से सालमखेड़ा गए थे; ग्रामीण बोले- सोमवार को डीसी से मिलेंगे फतेहाबाद जिले के गांव सालमखेड़ा से बड़ोपल लौटते समय युवकों का बाइक पेड़ से टकरा गया। इससे दोनों युवकों की मौत हो गई। इससे पहले हादसे के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। (पूरी खबर पढ़ें)