हिसार जिले में साउथ बाईपास से हिंदवान मोड़ तक निर्मित फोरलेन स्टेट हाईवे पर स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। 5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर सवा करोड़ रुपए की लागत से बिजली के पोल और लाइटें लगाई गई थीं, लेकिन कई स्थानों पर यह व्यवस्था ठप है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, हाईवे पर कम से कम तीन स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें पिछले एक महीने से खराब हैं। संबंधित विभाग ने अब तक इन्हें ठीक नहीं कराया है। रात के समय इन हिस्सों में अंधेरा छा जाने से पैदल यात्रियों को आवागमन में कठिनाई हो रही है।
सड़क पर बने बड़े गड्ढे स्ट्रीट लाइटों के अलावा, फोरलेन मार्ग पर जगह-जगह सड़क भी टूटी हुई है। बड़े गड्ढे और उखड़े हुए हिस्से वाहनों के असंतुलित होने का कारण बन रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ गया है। आर्यनगर गांव के आबादी क्षेत्र में स्थिति विशेष रूप से गंभीर है। लोगों को आवागमन में हो रही परेशान बता दे कि इस क्षेत्र में पहले से ही अतिक्रमण की समस्या है, और अब स्ट्रीट लाइटें बंद होने तथा सड़क खराब होने से लोगों का आवागमन और भी जोखिम भरा हो गया है। इसके बावजूद, यहां फोरलेन सड़क का काम पूरी तरह से दुरुस्त नहीं हो पाया है और स्ट्रीट लाइटें चालू करने का कार्य भी लंबित है। स्थानीय लोगों ने की जल्द समाधान की मांग इस स्थिति से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। आर्यनगर निवासी सतीश, जितेंद्र और रमेश सहित अन्य लोगों ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि जिस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, वहां इस तरह की लापरवाही गंभीर है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइटें चालू करने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।