हिसार जिले के सीनियर न्योरोसर्जन डॉक्टर उमेश कालड़ा के आवास और अस्पतालों पर इन्कम टैक्स की रेड दूसरे दिन भी जारी है। आज वीरवार को सुबह साढ़े बजे डॉ. दंपती को लेकर रोहतक से आई टीम सर्वेश अस्पताल रवाना हो गई। डॉक्टर उमेश कालड़ा और उनकी पत्नी सरिता कालड़ा से लगातार पूछताछ की जा रही है। उनके बैंक एकाउंट जानकारी, प्रॉपर्टी के कागज, परिवार में कौन-कौन, कौन-कौन रिश्तेदार हैं और कहां रहते हैं, इससे संबंधित जानकारी मांगी गई है। डॉ. कालड़ा के नौकर ने बताया कि सुई से लेकर जहाज तक के बारे में इनकम टैक्स वाले पूछ रहे हैं। टीम को अस्पताल के कागजातों में गड़बड़ियां नजर आ रही हैं, इसलिए टीम दूसरे दिन भी उनको अस्पताल लेकर गई है। चार से पांच गाड़ियां अब भी डॉक्टर के घर के बाहर खड़ी हुई हैं। बुधवार सुबह 6 बजे इन्कम टैक्स की टीमों ने दबिश दी थी, उस समय पूरा परिवार घर पर ही मौजूद था। टीम ने उमेश कालड़ा के सेक्टर 13 आवास, सर्वेश अस्पताल और सर्वोदय अस्पताल तीनों जगह एक साथ रेड की है। सब्जी लेने आया नौकर बोला- रात यहीं सोए वहीं डॉक्टर कालड़ा का नौकर सुबह साढ़े नौ सब्जी लेने घर से बाहर आया। उसने बताया कि अभी घर पर इन्कम टैक्स के अधिकारियों के अलावा कोई नहीं है। डॉक्टर कालड़ा और उनकी पत्नी सरिता कालड़ा दोनों घर में अकेले ही रहते हैं। सुबह टीम उनको यहां से लेकर अस्पताल चली गई। नौकर से पूछा कि टीम ने क्या-क्या डिटेल मांगी, तो उसने कहा कि सुई से लेकर जहाज तक की डिटेल पूछ रहे थे। यानि हर छोटी से लेकर बड़ी चीजों के बारे में वह जानकारी जुटा रहे थे और एक लिस्ट अधिकारी बना रहे थे। वह सब चीजें नोट कर रहे थे। आज भी पूरा दिन पूछताछ करेगी टीम डॉक्टर कालड़ा के ड्राईवर मोहन ने दैनिक भास्कर को बताया कि आज भी आयकर विभाग की टीम पूरा दिन यही रहेगी। ड्राईवर ने बताया कि उनको कुछ कपड़े प्रेस करने के लिए टीम ने दिए हैं। ड्राईवर ने यह भी पुष्टि की है कि टीम लगातार सवाल जवाब डॉक्टर साहब और उनकी पत्नी से कर रही हैं। टीम ने ऊपरी मंजिल पर बने कमरों को अच्छी से तरह से खंगाला है। वहीं सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि हमें नहीं पता कि टीम कब तक रहेगी, हमें बस गेट पर खड़े रहने और अंदर किसी को आने नहीं देने के बारे में बोला गया है।