हरियाणा के हिसार में बर्थडे पार्टी में बीच सड़क पर तेज आवाज में गाने बजा रहे युवकों और पुलिस कर्मचारियों में भिड़ंत हो गई। पुलिस ने युवकों को स्पीकर बंद करने को कहा तो युवकों ने छत पर चढ़कर पथराव करना शुरू कर दिया। जब पुलिस उन्हें छत पर पकड़ने के लिए पहुंची तो 2 युवक छत से कूद गए। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। युवकों को सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां एक युवक की मौत हो गई। दूसरे युवक की गंभीर हालत देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पथराव में चौकी इंचार्ज समेत 2 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। चौकी इंचार्ज बोले- हमें बंधक बनाया
12 क्वार्टर चौकी इंचार्ज विनोद ने बताया कि भारत नगर में सोमवार रात साढ़े 11 बजे कुछ युवक जन्मदिन पार्टी मना रहे थे। काकू नाम का युवक बीच सड़क पर तेज आवाज में स्पीकर बजा रहा था। सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंच गई। हमने उन्हें स्पीकर बंद करने को कहा तो युवक भड़क गए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों पर तेजधार हथियार से हमला करते हुए बंधक बना लिया। 2 युवक भागते हुए छत से गिरे
चौकी इंचार्ज ने आगे बताया कि हम लोग किसी तरह उनकी चंगुल से निकले। तभी 2 युवक छत पर चढ़ गए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों पर पथराव करना शुरू कर दिया। इसमें मैं और साथी पुलिसकर्मी महेंद्र घायल हो गए। हम फिर भी दोनों युवकों को पकड़ने के लिए छत पर गए। हमें देखकर दोनों युवक भागते हुए छत से कूद गए और गिरकर घायल हो गए। सूचना मिलते ही मिलगेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हम दोनों युवकों को सिविल अस्पताल ले गए। यहां दिनेश नाम के युवक ने दम तोड़ दिया। जबकि, आकाश को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।