हिसार के ढाणी किशन दत्त में बर्थडे पार्टी के दौरान स्पीकर बंद कराने को लेकर हुआ विवाद अब और ज्यादा तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस एक युवक पर लाठियां बरसाती नजर आ रही है, जबकि परिवार की एक युवती उसे बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन पुलिस उसे धक्का देकर हटा रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामला सोमवार रात का है, जब बर्थडे पार्टी के दौरान तेज आवाज में स्पीकर बजने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। इस दौरान पुलिस और दलित समाज के लोगों के बीच झड़प हो गई। पुलिस का आरोप है कि उन पर पथराव किया गया, जिसके जवाब में उन्हें बल प्रयोग करना पड़ा। वहीं, इस झड़प के दौरान दो युवक छत से नीचे गिर गए। 16 वर्षीय गणेश की मौत हो गई और आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने युवकों को छत से धक्का दिया, जबकि पुलिस की ओर से जारी एक वीडियो में घायल आकाश ने बयान दिया है कि उन्होंने खुद ही अंधेरे में ऊंचाई का अंदाजा न लगाते हुए छलांग लगा दी थी। फिलहाल, वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयानों को लेकर मामला और उलझता नजर आ रहा है। जांच जारी है। घायल आकाश ने कहा- वह 2 मंजिला छत से कूदे थे
12 क्वार्टर एरिया स्थित ढाणी किशन दत्त में जन्मदिन की पार्टी में गए और छत से गिरने के मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस को दिए गए बयान में घायल आकाश ने बताया कि छत पर पुलिस आ गई थी। पुलिस को देखकर वह भागे। कहीं पकड़े न जाए तो सोचा की दीवार से कूद जाए। पहले गणेश कूदा। उसके बाद मैं कूदा। सोचा था दीवार छोटी है। मगर वह दो मंजिला (करीब 24 फीट) थी। दोनों गली में आकर गिरे। कूदने से वह बेहोश हो गया। उसको चोट लगी। वहीं सिविल अस्पताल में घायल की एमएलआर काटने वाले डॉक्टर ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि घायल ने बताया कि वह छत से कूदा है जिस कारण उसको चोटें आई है। दूसरी तरफ, घायल पुलिस कर्मी एसआइ विनोद कुमार के बयान पर एचटीएम थाना पुलिस ने शुभम, शिवा समेत 15-20 अन्य पर मारपीट, सरकारी काम में बाधा पहुंचना और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। घायल चौकी इंचार्ज ने कहा- तेजधार हथियार से किया हमला
पुलिस को दिए गए बयान में घायल पुलिस कर्मी और 12 क्वार्टर चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सोमवार रात को गश्त के दौरान भारत नगर में रात 11 बजे शुभम उर्फ काकू के घर के सामने वाली गली में डीजे बजता पाया, जिसे बंद करवाने पर हिस्ट्रीशीटर शुभम उर्फ काकू और शिवा उर्फ घोड़ा ने विरोध किया और बहस करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर उप निरीक्षक विनोद ने नई सब्जी मंडी चौकी इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक महेंद्र को बुलाया। मौके पर अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौका पर पहुंचे सहायक उप निरीक्षक महेंद्र के साथ भी शुभम, शिवा और 15-20 अन्य लड़कों ने बहस की और डीजे हटाने पर पथराव व गंड़ासी जैसे खतरनाक हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उप निरीक्षक विनोद व सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिर पर चोट लगने से गम्भीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उप निरीक्षक विनोद कुमार गम्भीर रुप से घायल होने के कारण अब भी अस्पताल में उपचाराधीन है। घायल विनोद के बयान पर शुभम, शिवा और 15-20 अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।