हरियाणा में हिसार की विधायक सावित्री जिंदल का कहना है कि वह भगवान की कृपा से वह अमीर बनी हैं। सावित्री जिंदल से जब सवाल किया कि भारत की सबसे अमीर महिला सुनकर कैसा लगता है तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि यह सब भगवान की कृपा है। जब वो कृपा करते हैं तो सबकुछ हो सकता है। दरअसल, सावित्री जिंदल हिसार में दिवाली पर्व को लेकर जिंदल हाउस पहुंची थी। यहां उन्होंने उनसे मिलने आए लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दी और लोगों की समस्याओं को सुना। बता दें कि फोर्ब्स इंडिया की रिच लिस्ट 2025 में हिसार की विधायक और ओपी जिंदल समूह की प्रमुख सावित्री जिंदल भारत की सबसे अमीर महिला बन गई हैं। 39.6 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति के साथ, उन्होंने मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी के बाद भारत के सबसे धनी लोगों में तीसरा स्थान हासिल कर लिया था। गुरुवार (9 अक्टूबर) को ही यह लिस्ट जारी हुई थी। अब दुनिया के सबसे अमीर लोगों में सावित्री जिंदल का 48वां स्थान है। सावित्री जिंदल की संपत्ति 6 महीने में 4.1 बिलियन डॉलर बढ़ी है। हिसारवासियों को दिवाली पर शुभकामनाएं देते हुए कहा- यह पावन पर्व सबके जीवन में खुशियां लाएं मैं मंगलकामना करती हूं। दिवाली पर स्वच्छता और पर्यावरण का भी ध्यान रखें, क्योंकि हम सब मिलकर ही पर्यावरण का ध्यान रख सकते हैं। भगवान गणेश और मां लक्ष्मी का सब पर आशीर्वाद बना रहे। दिवाली पर ऐसे लोगों की मदद करें जो जरूरतमंद हों। शहर में 3 जगह पार्किंग बनेंगी
शहर के प्रोजेक्टों के बारे में बताते हुए सावित्री जिंदल ने कहा कि शहर में जाम की समस्या को खत्म करने के लिए वह प्रयास कर रही हैं। शहर में 3 जगह बड़ी पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। इसमें सिटी थाने के सामने, धोबीघाट और राजगुरु मार्केट में भी पार्किंग को लेकर काम चल रहा है। तब यह तीनों पार्किंग बन जाएगी तो पार्किंग की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। इसके अलावा शहर में जल निकासी और सीवरेज सिस्टम को सुधारने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। बारिश के कारण जितनी भी सड़कें टूट गई थी उनको रिपेयर करने का काम शहर में चल रहा है। हरियाणा की चौथी निर्दलीय विधायक हैं जिंदल
विधानसभा चुनाव में करीब एक साल पहले सावित्री जिंदल निर्दलीय विधायक बनी थीं। सावित्री जिंदल हरियाणा विधानसभा के इतिहास में चौथी निर्दलीय महिला विधायक हैं। इससे पूर्व वर्ष 1982 के विधानसभा चुनाव में बल्लभगढ़ से शारदा रानी, वर्ष 1987 में झज्जर सीट से कुमारी मेधवी व वर्ष 2005 में बावल हलके से शकुंतला भगवाड़ीया ही निर्दलीय महिला विधायक रही हैं। वर्ष 1967 व वर्ष 1982 में के चुनावों में सर्वाधिक 16-16 निर्दलीय विधायक विजयी हुए थे।