हरियाणा के फतेहाबाद में युवक संदीप उर्फ दीपा के मर्डर मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। इसमें कार में सवार युवक आकर झगड़ा करते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान नाके पर दो होमगार्ड जवान खड़े भी दिखते हैं, लेकिन वह झगड़े को रोकने की कोशिश नहीं करते। वारदात करने के बाद हमलावर उनके सामने से ही फरार हो जाते है। परिवार के लोगों ने हत्या करने का आरोप पड़ोस में ही रहने वाले तीन युवकों पर लगाया है। अब शहर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इसके लिए वीडियो फुटेज का भी सहारा लिया जा रहा है। मृतक संदीप उर्फ दीपा (25) गुरुनानकपुरा मोहल्ला में अपनी ननिहाल में रहता था। उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य सिरसा में रहते हैं। उसके मामा काका सिंह और मामी सुनीता ने बताया कि संदीप छह भाई-बहनों ( 4 बहन और 2 भाई) में दूसरे नंबर का था। वह बचपन से ही उनके पास रहता था। उधर, पुलिस के अनुसार, संदीप पर पांच केस दर्ज हैं। इनमें नशा बेचने के आरोप में एनडीपीएस एक्ट के तहत जबकि बाकी चोरी, लड़ाई-झगड़े के आरोप में दर्ज हैं। वह जेल भी काट चुका था। एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि मामले में होमगार्ड जवानों की लापरवाही सामने आई है। दोनों को बर्खास्त कर दिया गया है। जानिए… सीसीटीवी फुटेज में क्या नजर आ रहा एसपी ने नशे की रोकथाम के लिए लगवाए थे नाके गुरुनानकपुरा मोहल्ले को फतेहाबाद शहर में नशे का गढ़ माना जाता है। यहां पर पहले बड़े स्तर पर नशे की बिक्री होती रही है। एसपी सिद्धांत जैन ने फतेहाबाद में तैनाती के कुछ दिन बाद ही गुरुनानकपुरा मोहल्ले में तीन-चार जगहों पर परमानेंट नाके लगवा कर उन पर पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान तैनात करवाए थे। एसएचओ बोले-एकदम से हुआ घटनाक्रम शहर थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि गुरुनानकपुरा मोहल्ले में सुरक्षा की दृष्टि से नाकों पर पुलिस और होमगार्ड तैनात है। यह घटनाक्रम एकदम से हुआ है। पुलिस ने मृतक संदीप के मामा हरजिंद्र उर्फ काका की शिकायत पर सुरेंद्र उर्फ छिंदा, मंगत उर्फ मंगा और 5 अन्य समेत 7 लोगों पर केस दर्ज किया है। डीएसपी के नेतृत्व में चार टीमें गठित एसपी सिद्धांत जैन ने संदीप उर्फ दीपा के मर्डर के आरोपियों को पकड़ने के लिए डीएसपी संजय बिश्नोई के नेतृत्व में चार टीम गठित कर दी गई है। इनमें गुरुनानकपुरा चौकी, सिटी थाना पुलिस व सीआईए की टीमें शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। —————— ये खबर भी पढ़ें… फतेहाबाद में युवक की चाकू मारकर हत्या:पड़ोसियों पर हमले का आरोप; गाड़ी में सवार होकर आए हमलावर फतेहाबाद शहर के गुरुनानकपुरा मोहल्ले में रविवार को एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। (पूरी खबर पढ़ें)