होली के बाद ही मिलेंगे डीएल के स्लॉट:तीन दिन बंद रहेंगे आरटीओ-एआरटीओ कार्यालय, आवेदकों को करना होगा इंतजार

होली के मद्देनजर ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े कार्यों के लिए स्लॉट अब त्योहार के बाद ही मिल पाएंगे। सोमवार से परिवहन विभाग के आरटीओ और एआरटीओ कार्यालय लगातार तीन दिन तक बंद रहेंगे। ऐसे में जिन आवेदकों ने रविवार को स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य सेवाओं के लिए स्लॉट लेने की कोशिश की, उन्हें अब होली के बाद नई तारीख का इंतजार करना पड़ेगा। ऑनलाइन प्रक्रिया से होता है लर्नर और स्थायी लाइसेंस ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। पहले लर्नर लाइसेंस के लिए आवेदन किया जाता है, जो ऑनलाइन जारी होता है। लर्नर लाइसेंस बनने के बाद एक महीने से छह महीने के भीतर स्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन करना अनिवार्य होता है। इसके लिए अभ्यर्थी को पोर्टल पर जाकर स्लॉट बुक करना पड़ता है। स्लॉट के दिन बायोमीट्रिक और ड्राइविंग टेस्ट स्लॉट मिलने के बाद निर्धारित तिथि पर आवेदक को कार्यालय पहुंचकर बायोमीट्रिक सत्यापन कराना होता है। इसके बाद वाहन चलाकर ड्राइविंग टेस्ट देना पड़ता है। टेस्ट में सफल होने पर स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया जाता है। फिलहाल कार्यालय बंद होने की वजह से स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया प्रभावित रहेगी और आवेदकों को होली के बाद ही नई तिथि मिल सकेगी। परिवहन विभाग की ओर से अपील की गई है कि आवेदक पोर्टल पर नियमित रूप से उपलब्ध स्लॉट की स्थिति जांचते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *