होली पर्व के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी कड़ी में वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में भीमनगर थाना क्षेत्र के सहरसा चौक पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान में भीमनगर थाना पुलिस की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही। अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि होली के दौरान सीमावर्ती इलाकों में अवैध गतिविधियों, शराब तस्करी और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जांच के दौरान वाहनों के कागजातों की बारीकी से पड़ताल की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत यातायात नियमों की अनदेखी करने पर कुल 2000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।