होली पर हुए झगड़े की रंजिश में मोहित की हत्या:रोहतक में सिर कटा मिला था शव, 2 दिन के रिमांड पर एक आरोपी

रोहतक के महम ब्लॉक के फरमाणा गांव में युवक की हत्या के पीछे होली पर हुए झगड़े की रंजिश सामने आई है। परिजनों का कहना है कि मोहित व गांव के रहने वाले हंसा के बीच होली के दिन झगड़ा हो गया था। इसी बात की रंजिश रखते हुए हंसा ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोहित की हत्या की है। वहीं, पुलिस ने आरोपी मंगल को पकड़ा है, जिसे 2 दिन के रिमांड पर लिया है। गांव फरमाणा निवासी मोहित की सिर कटा शव 28 मार्च को सुबह खेत के बीच पड़ा मिला था, जिसकी गर्दन काटकर साइड में फेंकी हुई थी। गर्दन को तेजधार हथियार से काटा गया था, जबकि गर्दन काटने से पहले सिर में पत्थर मारकर घायल किया गया था। वहीं, शॉल से गला घोंटकर मार दिया था, जिसका बाद में गला काटा गया। 26 मार्च को लापता मोहित की दर्ज करवाई थी रिपोर्ट
मोहित 26 मार्च को शाम करीब 6 बजे घर से निकला था, जो वापस नहीं लौटा। 27 मार्च को मोहित की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई और 28 मार्च को सुबह मोहित का शव खेत में पड़ा मिला। मोहित की गर्दन को काटकर अलग किया गया था, जिसे देखकर लोग सहम गए थे। घर से हथियार लाकर काटी गर्दन
मोहित के परिजनों ने बताया कि गांव के ही रहने वाले युवक मोहित को बुलाकर ले गए थे। इसके बाद मोहित के साथ नशा किया और उसके बाद मोहित का शॉल से गला घोंट दिया। साथ ही सिर पर पत्थरों से वार किया। मोहित को खेत में फेंककर आरोपी घर आया और हथियार लेकर वापस खेत में जाकर मोहित का गला काट दिया। होली पर हुए झगड़े को बताया रंजिश का कारण
मोहित के परिजनों ने बताया कि होली के दिन मोहित व हंसा का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। लेकिन वह बात खत्म हो गई थी। हंसा उस बात की ही रंजिश रखे हुए था और मौका मिलते ही अपने दोस्तों के साथ मिलकर मोहित को मार दिया। पुलिस ने मंगल को किया काबू, 2 दिन का लिया रिमांड
महम थाना एसएचओ रविंद्र ने बताया कि युवक की गर्दन काटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी मंगल को काबू किया है। मंगल को दो दिन के रिमांड पर लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले में सभी आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *