₹1.07 करोड़ ठगने वाली लेडी तांत्रिक की कहानी:कैथल में जर्जर मकान, इंजेक्शन से खून निकलवाती, फीस ₹51 हजार; ग्रामीण बोले- यहां अच्छी इमेज

हरियाणा के कैथल में एक करोड़ सात लाख रुपए ठगने के मामले में पुलिस ने महिला तांत्रिक, उसके पति, बेटे सहित चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस की शुरूआती पूछताछ में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई है। पीड़ितों का आरोप है कि महिला सुमन उर्फ शक्ति देवी, पति बलराज बेनीवाल, बेटे वंश और एक अन्य संजीव कुमार ने ग्रुप बनाकर धोखाधड़ी के इस पूरे खेल को अंजाम दिया। इस खेल में सबकी अलग-अलग जिम्मेदारियां तय हैं। जैसे सुमन का तंत्र क्रिया करना, उसके पति का सामान-जेवर इकट्‌ठा करना, बेटे का कैश का मैनेजमेंट और संजीव का लोगों को बहलाफुसला कर उनके घर तक लाना। दान कहकर फीस 51 हजार तक लेती है। यह भी आरोप है कि इन लोगों ने अभी तक 100 से 150 लोगों को अपना शिकार बनाया है। सबसे खास बात यह है कि आरोपियों की गांव में इमेज अच्छी है। दैनिक भास्कर की टीम जब आरोपी सुमन के गांव बुड्ढा खेड़ा स्थित घर पहुंची तो वहां केवल दो महिलाएं मिलीं। दोनों ने कोई भी जानकारी देने से मना कर दिया। इसके बाद टीम ने गांव के सरपंच और कुछ अन्य लोगों से बातचीत की। किसी ने भी ऑन कैमरे कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। कहना था कि इससे उनके गांव की बदनामी ही होगी। आरोपियों की गांव में क्या है हैसियत, लोगों ने उनके बारे में क्या बताया, पुलिस की जांच कहां तक पहुंची? जैसे कई सवालों के जवाब के लिए पढ़ें पूरी रिपोर्ट…. कैसा है लेडी तांत्रिक का गांव में रहन-सहन, यहां जानिए… गांव में पुराना दो मंजिला मकान, दो परिवार रहते हैं दैनिक भास्कर डिजिटल की टीम जब महिला सुमन के घर पर पहुंची तो पाया कि उसका गांव में दो मंजिला मकान है। यह काफी पुराना मकान है, जो जर्जर होने को है। मकान में दो परिवार रहते हैं, जिनके दो-दो कमरे हैं। सुमन का पति बलराज सिंह इलेक्ट्रीशियन है और उसके पास करीब 3 एकड़ जमीन है। यहां दो महिलाएं मिली, जिन्होंने कुछ भी बताने से मना कर दिया। उस वक्त परिवार के पुरुष बाहर गए थे। उनके बारे में पूछने पर सिर्फ इतना कहां कि बाहर गए है। ग्रामीण बोले- परिवार का व्यवहार तो अच्छा है इसके बाद टीम ने सुमन के घर के आसपास से लोगों से उसके परिवार के बारे में बात की। सुमन के घर से कुछ दूरी पर खड़े ग्रामीण सतीश, मंदीप, साहिल आदि ने बताया कि झाड़ फूंक का कार्य आमतौर पर हर जगह मिल जाता है। कोई ठगी करने जैसी बात उनके गांव में सामने नहीं आई है। फिर सुमन का नाम लिया तो ग्रामीणों ने चौंकते हुए बताया कि महिला और उसके परिवार ने ऐसा कर दिया, यकीन नहीं होता। परिवार का गांव में अच्छा व्यवहार है। सरपंच बोले- तो परिवार के पास कोठी बंगले होते इसके बाद टीम गांव के सरपंच सुरजीत सिंह से मिली। मामले में उन्होंने बताया कि जिस परिवार पर रुपए हड़पने के आरोप लगे हैं, उनकी इमेज गांव में ठीक है। इस संबंध में शिकायत करने वाले लोग पंचायत के पास भी बातचीत के लिए आए थे। जब पंचायत में बातचीत हुई तो केवल इतना ही पता लग पाया कि एक-दो लाख रुपए की ही ट्रांजैक्शन हुई थी। वह भी महिला के पति इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं, उन्होंने सामान वगैरा दिलवाया था। अगर परिवार इस तरह लोगों के पैसे हड़पता तो आज करोड़ों का मालिक होता, लेकिन परिवार बिल्कुल सामान्य है। अब जानिए क्या है ठगी का यह पूरा मामला…. ग्रुप में करते है ठगी, 100-150 लोगों से कर चुके ठगी अमनदीप ने बताया कि उन्होंने सुमन और उसके परिवार के बारे में छानबीन की। पता चला कि सुमन, उसका पति बलराज, बेटा वंश और एक अन्य संजीव मिलकर इस गोरखाधंधे को करते है। इन लोगों ने अब तक 100-150 लोगों को तंत्र क्रिया के चक्कर में फंसाकर 3-4 करोड़ रुपए ठग लिए है। तांत्रिक क्रियाओं के लिए महाकाल मंदिर उज्जैन, महाकाली मंदिर पटियाला, भद्रकाली मंदिर कुरुक्षेत्र, बग्लामुखी मंदिर हिमाचल प्रदेश, बाबा सबल सिंह बावड़ी सफीदो, चण्डीदेवी, नैनादेवी, मंशादेवी और चामुंडा देवी पर ले जाकर पहले खून निकालती है। दान के रूप में हर बार 31 से 51 हजार रुपए लेती थी। पुलिस को दी शिकायत, महिला सहित चार पर केस दर्ज ठगी का पता चलने पर अमनदीप ने मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस से की। पुलिस ने तुरंत चारों पर FIR दर्ज कर ली। आरोपियों पर BNS धारा 316(2), 318(4) और 61 लगाई गई है। जांच अधिकारी ASI राजेश कुमार को सौंपी गई। सदर थाना प्रभारी का कहना है कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, मामले की जांच की जा रही है। यह भी सामने आया है कि परिवार ने 3-4 बार पंचायत भी करवाई थी, लेकिन आरोपी टालते रहे। जांच के अधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बेनामी संपत्ति की भी जांच करेगी। ———————
ये खबर भी पढ़ें… तांत्रिक विद्या के बहाने महिला ने ₹1.07 करोड़ ठगे:कैथल की फैमिली बोलीं- इंजेक्शन से खून निकाल काली मां के मंदिर चढ़ाया; 100 लोग बनाए शिकार हरियाणा के कैथल में एक महिला तांत्रिक ने परिवार पर जादू टोना बताते हुए एक करोड़ सात लाख रुपए ठग लिए। महिला ने पहले परिवार पर भारी विपदा होने का बहाना बनाकर अपने झांसे में लिया। जब परिवार महिला के विश्वास में आ गया तो उनके ऊपर जादू टोना होने की बात करना शुरू कर दिया। (पूरी खबर पढ़ें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *