10वीं की परीक्षा में क्यों शामिल नहीं हुए वैभव सूर्यवंशी:प्रिंसिपल ने लगाया एब्सेंट; पिता बोले- वो क्रिकेट शेड्यूल में बिजी है, जानिए कब देगा एग्जाम

अंडर-19 विश्व कप के हीरो वैभव सूर्यवंशी मंगलवार को अपनी 10वीं की CBSE बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हुए। समस्तीपुर स्थित पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित में परीक्षा में वे नहीं पहुंचे, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने उन्हें नियमों के अनुसार एब्सेंट चिह्नित किया है। स्कूल के प्रिंसिपल एन.के. सिन्हा ने बताया कि छात्र के परीक्षा में नहीं आने पर CBSE की गाइडलाइन के अनुसार अनुपस्थित दर्ज करना अनिवार्य होता है। उन्होंने कहा, “वह आज परीक्षा सेंटर पर नहीं आए। हमने CBSE की नियमों के तहत उन्हें एब्सेंट चिह्नित किया है।” बिजी शेड्यूल के चलते पढ़ने का समय नहीं मिलता स्कूल के डायरेक्टर आदर्श कुमार पिंटू ने बताया, “वैभव पढ़ाई में एवरेज हैं। क्रिकेट के बिजी शेड्यूल के कारण उन्हें पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। उनका एकेडमिक प्रतिशत 50 से 65 के बीच रहता है। वैभव तेज और समझदार छात्र हैं, लेकिन लगातार मैच, अभ्यास और यात्राओं के कारण नियमित रूप से पढ़ाई नहीं कर पाते।” उन्होंने यह भी बताया कि अंडर-19 वर्ल्ड कप के दौरान भी वैभव अपने साथ किताबें लेकर जाते थे और खाली समय में पढ़ाई करने की कोशिश करते थे। U-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन वैभव सूर्यवंशी हाल ही में हुए अंडर-19 विश्वकप में भारत की जीत के नायक रहे। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उन्होंने 80 गेंदों पर 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उन्होंने मात्र 55 गेंदों में शतक पूरा किया, जो अंडर-19 विश्व कप इतिहास के सबसे तेज शतकों में से एक है। इस पारी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 7 मैचों में 439 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 169.50 और औसत 62.71 रहा। उन्होंने सर्वाधिक 30 छक्के लगाए और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब भी जीता। IPL में भी रिकॉर्ड बनाया वैभव सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने 14 साल 23 दिन की उम्र में IPL में डेब्यू किया। IPL 2026 सीजन में वे राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलेंगे। विस्फोटक बल्लेबाज के रूप में वे इस सीजन में भी प्रमुख खिलाड़ियों में गिने जा रहे हैं। अब देखना होगा कि क्रिकेट की व्यस्तता के बीच वैभव अपनी बोर्ड परीक्षा कब देते हैं, लेकिन फिलहाल वे मैदान पर अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन कर रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी के टॉप रिकॉर्ड्स… 1. वैभव इंडिया U-19 के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर वैभव सूर्यवंशी यूथ वनडे क्रिकेट में भारत अंडर-19 के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने महज 25 मैचों में 1412 रन बनाकर विजय जोल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 36 मैचों में 1404 रन बनाए थे। 2. भारत के लिए U-19 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा इंडिविजुअल स्कोर वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उनकी 175 रन की पारी ने राज बावा का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले बावा ने 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप में युगांडा के खिलाफ नाबाद 162 रन बनाए थे। यह पारी यूथ वनडे इतिहास में भारत के लिए दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है। वैभव सिर्फ अंबाती रायडू (177*, 2002 Vs इंग्लैंड) से पीछे हैं। सूर्यवंशी ने महज 71 गेंदों में 150 रन पूरे कर यूथ वनडे इतिहास का सबसे तेज 150 भी बनाया। उन्होंने अपना ही पुराना रिकॉर्ड बेहतर किया (एशिया कप में UAE के खिलाफ 84 गेंद)। इसके साथ ही वे यूथ वनडे में एक से अधिक बार 150+ स्कोर बनाने वाले दुनिया के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले श्रीलंका के पुलिंदु परेरा और साउथ अफ्रीका के जोरिच वैन शाल्कविक ही यह उपलब्धि हासिल कर सके थे। 3. वैभव के एक यूथ वनडे में बाउंड्री से सबसे ज्यादा रन यूथ वनडे क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी ने बाउंड्री हिटिंग के मामले में नया बेंचमार्क सेट कर दिया। वे एक एक यूथ वनडे में बाउंड्री से सबसे ज्यादा रन वाले बैटर बन गए। वैभव ने 175 रन की पारी में 15 चौके और 15 सिक्स की मदद से 150 रन बनाए। उन्होंने श्रीलंका के हसिथा बोयगोदा के 124 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हसिथा ने केन्या के खिलाफ 2018 U-19 वर्ल्ड कप में 191 रन की पारी खेली थी। 4. सूर्यवंशी फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर वैभव अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन की पारी खेली। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के ही उन्मुक्त चंद के नाम था, जिन्होंने 2012 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 111 रन बनाए थे। तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट विलियम्स हैं। उन्होंने 1988 में पाकिस्तान के खिलाफ 108 रन बनाए थे। इतना ही नहीं, वैभव (175) किसी भी ICC टूर्नामेंट फाइनल (अंडर-19 और सीनियर) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली के नाम था, जिन्होंने 2022 विमेंस वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 170 रन की शानदार पारी खेली थी। 5. सूर्यवंशी ने एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाए वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने अपनी पारी में 15 छक्के जड़कर ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल का रिकॉर्ड तोड़ा। हिल ने 2008 में नामीबिया के खिलाफ 12 सिक्स लगाए थे। वहीं क्रेग सिमंस ने 2002 में केन्या के खिलाफ 11 छक्के लगाए थे। सूर्यवंशी का दबदबा सिर्फ एक पारी तक सीमित नहीं है, यूथ वनडे क्रिकेट में वे महज 25 पारियों में ही 110 सिक्स लगा चुके हैं। यह आंकड़ा दूसरे नंबर पर मौजूद जावद अबरार (55) से दोगुना है, जबकि इस फॉर्मेट में कोई अन्य बल्लेबाज 40 सिक्स तक भी नहीं पहुंच सका। 6. वैभव ने फाइनल मैच में दूसरा सबसे तेज शतक लगाया वैभव अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे बैटर बने। उन्होंने 55 बॉल पर सेंचुरी लगाई। ऑस्ट्रेलिया के विल मलाइजचुक इस लिस्ट में टॉप पर हैं। उन्होंने इसी वर्ल्ड कप में जापान के खिलाफ महज 51 गेंदों में शतक ठोक दिया था। 7. सूर्यवंशी ने इस अंडर-19 वर्ल्ड कप में 30 छक्के लगाए अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अब वैभव सूर्यवंशी के नाम दर्ज हो गया है। उन्होंने मौजूदा टूर्नामेंट में 30 छक्के जड़कर एक ही एडिशन में सबसे बड़े सिक्स-हिटर बनने का कारनामा किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस के नाम था, जिन्होंने 2022 में 18 छक्के लगाए थे। ओवरऑल आंकड़ों में भी 18 छक्कों का संयुक्त सर्वोच्च रिकॉर्ड था, जहां न्यूजीलैंड के फिन एलन ने 2016 और 2018 एडिशन मिलाकर इतने ही छक्के जड़े थे। 8. भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर बनाया भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 411 रन बनाए। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर है। पिछला रिकॉर्ड 253 रन का था, जोकि ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 2024 में बनाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *