यमुनानगर में लव ट्रायंगल में हुई राजीव की हत्या में खुलासा हुआ है। आरोपी अमित की पत्नी ने बताया कि अमित पर स्नेहा का जुनून सवार था। उसे दोनों के रिश्ते के बारे में शुरू से पता था। उसने कभी नहीं सोचा था कि अमित स्नेहा के लिए उसके दूसरे बॉयफ्रेंड की हत्या तक कर देगा। दैनिक भास्कर एप की टीम से बातचीत में अमित की पत्नी ने कहा, “अमित और स्नेहा को मूंगफली बेचते हुए प्यार हुआ था। परिवार को लगा था कि शादी के बाद दोनों सुधर जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दोनों के बीच बातचीत जारी रही। 27 फरवरी को स्नेहा के दूसरे बॉयफ्रेंड राजीव की हत्या करने के बाद अमित नॉर्मल रहा। वह बच्चों के साथ खेला और अगले दिन उन्हें मायके भी छोड़कर आया। 10 साल के प्यार के लिए अमित ने पूरा हंसता-खेलता परिवार बर्बाद कर दिया।” राजीव का शव 1 मार्च को उसके जन्मदिन के दिन जंगलों में मिला था। अमित ने रस्सी से उसका गला दबाया और उसके मुंह में ग्लू भरकर पास में पड़ी एक चुन्नी ठूंस दी। स्नेहा न्यायिक हिरासत में है, जबकि अमित 3 दिन के पुलिस रिमांड पर है। जानिए अमित और स्नेहा की मुलाकात कैसे हुई…. 10 साल पहले हुई थी अमित की शादी तीर्थ नगर निवासी अमित लोडिंग-अनलोडिंग का काम करता है। उसकी 10 साल पहले शादी हुई थी। शादी के बाद उसके पास 5 साल की बेटी और 3 साल का बेटा है। अमित की पत्नी ने बताया कि शादी के करीब एक साल बाद ही मुझे पता चल गया था कि अमित का स्नेहा से अफेयर है। शुरुआत में जब मैंने विरोध किया तो उसने स्नेहा से बातचीत करनी बंद कर दी। बाद में वह फिर उससे चोरी छिपे मिलने लगा। मूंगफली बेचते हुए दोनों को प्यार हुआ पत्नी ने बताया कि स्नेहा तीर्थ नगर में अपने पिता के साथ मूंगफली बेचती थी। अमित भी शादी से पहले स्नेहा की दुकान के पास मूंगफली बेचता था। यहीं से दोनों के बीच संबंध शुरू हुए। अमित की शादी हो गई, लेकिन वह स्नेहा के संपर्क में रहा। अमित पर स्नेहा का ऐसा जुनून सवार था कि वह उससे बात किए बिना नहीं रह पाता था। बड़े भाई ने भी उसे कई बार समझाया और स्नेहा से दूरी बनाने को कहा। यहां तक कि एक बार उसे पीटा भी था। स्नेहा शादी के बाद भी बात करती रही पत्नी ने बताया कि बाद में स्नेहा की शादी हो गई तो परिवार को लगा कि अब दोनों का रिश्ता खत्म हो जाएगा, लेकिन शादी के बाद भी स्नेहा अमित से बातचीत करती रही। वह एक बच्चे की मां भी बनी। कुछ समय बाद वह अपने पति को छोड़कर फिर से मायके तीर्थ नगर आ गई और किराए के मकान में रहने लगी। इसके बाद अमित उसके कमरे पर आने-जाने लगा। पत्नी ने इसका विरोध किया, लेकिन अमित ने उसकी एक नहीं सुनी। अब जानिए राजीव की हत्या के बाद अमित ने क्या-क्या किया…. 27 फरवरी को काम के लिए निकला अमित की पत्नी ने बताया कि वह 27 फरवरी की सुबह यह कहकर घर से निकला था कि आज उसे फैक्ट्री में काम ज्यादा है और देर से लौटेगा। उस दिन वह काम पर न जाकर स्नेहा के साथ मिलकर साजिश के तहत राजीव को ठिकाने लगाने के लिए आदिबद्री पहुंचा। वारदात को अंजाम देने के बाद वह रात करीब साढ़े आठ बजे घर लौटा। उसने मुंह-हाथ धोए, बच्चों के साथ खेला। उसके चेहरे पर किसी तरह की घबराहट नहीं थी। फिर खाना खाकर सो गया। पत्नी बच्चों को मायके छोड़कर आया पत्नी ने बताया कि अगले दिन 28 फरवरी की सुबह अमित मुझे और बच्चों को मायके छोड़ आया। शाम को हम लौट आए। करीब 7 बजे अमित भी काम से वापस आया। एक मार्च को वह रोज की तरह काम पर निकल गया। सुबह करीब 11 बजे राजीव का शव मिला। इस हत्याकांड में अमित का नाम सामने आया तो एक व्यक्ति ने अमित के भाई को फोन किया। भाई ने पूछा तो खुद को बेगुनाह बताया भाई ने अमित से फोन कर पूछा कि इसमें उसका कोई हाथ है क्या?, लेकिन अमित ने खुद को बेगुनाह बताया। दोपहर बाद अमित का फोन स्विच ऑफ हो गया। बाद में पता चला कि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। अगर अमित और स्नेहा दोषी हैं तो उन्हें सजा मिलनी चाहिए, लेकिन इस घटना से तीन परिवार बर्बाद हो गए एक राजीव का, दूसरा मेरा अपना और तीसरा स्नेहा का। मेरे दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनका भविष्य पूरी तरह से खत्म हो चुका है। अश्लील फोटो को लेकर हत्या की बात सामने आई पुलिस के मुताबिक, स्नेहा और राजीव की मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। उनकी बातचीत बढ़ी, उन्होंने फोन नंबर बदले और दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गया। इसके बाद, स्नेहा एक साथ अमित और राजीव दोनों को डेट करने लगी। राजीव का भी स्नेहा के घर आना-जाना शुरू हो गया था। एक दिन, राजीव स्नेहा से मिलने उसके कमरे पर पहुंचा। उसी दौरान अमित भी वहां आ गया। राजीव को देखकर अमित भड़क गया और दोनों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े में स्नेहा ने अमित को वहां से जाने के लिए कह दिया। इससे अमित के मन में राजीव के प्रति रंजिश बैठ गई। स्नेहा और राजीव काफी समय तक मिलते रहे, लेकिन बाद में उनके रिश्ते में खटास आने लगी। स्नेहा का आरोप है कि राजीव के पास उसकी निजी पलों की कुछ तस्वीरें थीं, जिनके जरिए वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था। स्नेहा ने यह बात अमित को बताई। अमित ने उसे आश्वासन दिया कि वह इसका इंतजाम कर देगा। —————————- ये खबर भी पढ़ें :- यमुनानगर में 2-2 बॉयफ्रेंड रखने वाली हत्यारोपी गर्लफ्रेंड की कहानी:पति को छोड़ा, 5 साल का बेटा; लवर झगड़े तो एक का बर्थडे पर बुला मर्डर कराया हरियाणा के यमुनानगर 21 वर्षीय राजीव मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसकी गर्लफ्रेंड स्नेहा को गिरफ्तार किया। साथ ही स्नेहा के दूसरे बॉयफ्रेंड अमित को भी अरेस्ट किया गया है। दोनों ने मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। पढ़ें पूरी खबर…