जहानाबाद में मंगलवार की रात डिप्रेशन में आकर छात्रा ने सुसाइड कर लिया। लड़की इंटरमीडिएट के रिजल्ट से नाराज थी। उसकी जुड़वा बहन को 500 में 390 अंक आए थे। वहीं उसे 300 नंबर आए थे। इस कारण उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना टेहटा थाना क्षेत्र के मदारी चक्र गांव की है। मृतक की पहचान सीता कुमारी(18) है। कम नंबर आने से परेशान थी छात्रा घटना को लेकर पिता अनुज कुमार ने बताया कि 25 मार्च को इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी हुआ था। रिजल्ट आने से पहले मेरी दोनों बेटी खुश थी। हमलोग साथ बैठकर रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे। जब रिजल्ट जारी हुआ तो सीता नाराज हो गई। उसने हमसे कहा कि मैंने बहुत मेहनत की थी। लेकिन फिर भी मुझे कम नंबर आए। दोनों बहनों में था बहुत प्यार दोनों बहन एक साथ बैठकर पढ़ाई करती थी। दोनों के बीच बहुत प्यार था। लेकिन रिजल्ट के बाद सीता अपनी बहन से नाराज और अलग-अलग रहने लगी। वो डिप्रेशन में चली गई। हमलोग मिलकर उसे समझाए कि इतना परेशान मत हो, सब ठीक हो जाएगा। लेकिन वो नहीं समझी। वो घर में किसी से बात नहीं करने लगी थी। खाना खाने के बाद कर लिया सुसाइड मंगलवार की रात 10 बजे के करीब हमलोग साथ बैठकर खाना खाए, इसके बाद वो सोने का कहकर अपने रूम में चली गई। बुधवार सुबह जब हमलोग उठे तो उसका गेट बंद दिखा। करीब 7 बजे हमने उसके रूम के कुंदी को खटखटाया। लेकिन वो नहीं खोली। आधे घंटे तक जब दरवाजा नहीं खुला तो हमलोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। करीब 8 बजे तक पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि मेरी बेटी पंखे से लटककर सुसाइड कर ली है। इसके बाद शव को नीचे उतारा गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।