अमृतसर के थाना मेहता चौक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली महिसमपुरा रोड पर बीती रात अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अमरजोत सिंह के रूप में हुई है, जो सुखराज सिंह का इकलौता बेटा था और 12वीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इस घटना की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। इलाके में दहशत का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस को शुरुआत में सूचना मिली थी कि सड़क पर एक एक्सीडेंट हुआ है। जब थाना मेहता के एसएचओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो तब तक अमरजोत की मौत हो चुकी थी । जांच के दौरान यह सामने आया कि युवक के शरीर पर गोली लगने के निशान हैं, जिससे साफ हो गया कि उसकी मौत फायरिंग के कारण हुई है। एसएसपी सोहेल मीर बोले- हर एंगल से जांच जारी इस मामले में एसएसपी देहात सोहेल मीर ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। और सारी टीम मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे क्या कारण थे और इसमें कौन लोग शामिल हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से भी अपील की गई है कि अगर किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह पुलिस को तुरंत सूचित करें।