120 मीटर ऊंचे टावर पर चढ़ा बॉयफ्रेंड, कहा-गर्लफ्रेंड को बुलाओ:पुलिस बोली- नीचे आओ, वचन देते हैं, सीधे ससुराल ले जाएंगे; थाने में शादी करवाएंगे

मुजफ्फरपुर में एक युवक सुबह 11 बजे से 120 मीटर ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा हुआ है। उसका कहना है कि उसकी गर्लफ्रेंड को बुलाया जाए। मोबाइल टावर पर चढ़ने के बाद उसने डायल 112 को फोन किया। उसने पुलिस को बताया कि, उसकी गर्लफ्रेंड की शादी कहीं और तय हो रही है। पुलिस मेरी गर्लफ्रेंड को लेकर आए और उससे मेरी शादी तय करवाए तभी मैं यहां से नीचे उतरूंगा नहीं तो कूद कर जान दे दूंगा। मामला मुजफ्फरपुर जंक्शन इलाके का है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़के से कहा कि, तुम नीचे आ जाओ, तुमको सीधा ससुराल ले चलेंगे। हम वचन देते हैं। लिखवा लो। पूरा प्रशासन तुमको लेकर चलेगा। लड़की के परिवार से हमलोग बात करेंगे। चंदा मिलाकर थाने में तुम्हारी शादी होगी। घटनास्थल से जुड़ी कुछ तस्वीरें देखिए… लड़का बोला- लड़की ने मुझे धोखा दिया टावर पर चढ़े युवक का नाम अनीश है। भास्कर रिपोर्टर ने युवक से फोन पर बात की। उसने कहा कि, मेरी गर्लफ्रेंड को बुला दो। हम 6 महीने से एक दूसरे से प्यार करते हैं। मैं छठ पर अपने गांव गया था, वहां मेरी उससे मुलाकात हुई। इसके बाद हमारी बातचीत होने लगी। उसने मुझसे शादी का वादा किया था। वो शादी का वादा कर के मुकर रही है। उसने मुझसे झूठा वादा किया अब उसकी बहन बोल रही है वो दूसरी जगह शादी कर रही है। सुबह हमारी बात हुई थी। वो नहीं मान रही थी। उसे बुलाने के लिए मैं टावर पर चढ़ा हूं। वो जब तक नहीं आएगी मैं नहीं उतरूंगा। मेरी सभी जगह बदनामी हो चुकी है। अनीश कुमार पारू धरफरी वार्ड नंबर 9 का रहने वाला है। वो एक महीने पहले ही मुंबई से अपने घर लौटा था। मंगलवार की देर शाम वह फिर से मुंबई जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन बुधवार सुबह करीब 8 बजे वह जंक्शन के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि अनीश का प्रेम संबंध मुजफ्फरपुर के देवरिया की एक युवती से है। 11 बजे से टावर पर चढ़ा है युवक आसपास के लोग बताते हैं कि, 11 बजे के करीब कुछ लोगों ने लड़को को मोबाइल टावर पर चढ़ते देखा। लोग समझ नहीं पाए की आखिर वो लड़का करना क्या चाहता है। कुछ देर में वो मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर पहुंच गया। वो ऊपर से ही बार बार अपनी मांग दोहरा रहा है। वो मोबाइल टावर से चिल्ला रहा है कि मेरी गर्लफ्रेंड को यहां बुलाया जाए और मेरी शादी तय की जाए। पुलिस ने युवक के परिजनों को भी बुलाया है और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने की कोशिश कर रही है। रेक्क्यू के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाई गई है। 22 मीटर की सीढ़ी लेकर पहुंची पुलिस फायर ब्रिगेड अधिकारी आरएन पांडे ने बताया कि, टावर पर कोई आशिक चढ़ गया है। टावर की ऊंचाई 120 मीटर है। हम हाईड्रोलिक लेकर आए हैं, लेकिन हम लोगों की सीढ़ी की लंबाई 22 मीटर है। हम वहां तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। जवानों को ऊपर चढ़ा रहे हैं वो ही उसे नीचे उतारेंगे। युवक आसपास के इलाके का ही रहने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *