हरियाणा में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के कनेक्शन का लक्ष्य दोगुना कर दिया गया है। जहां पहले सात लाख कनेक्शन लगाए जाने थे, अब यह आंकड़ा 13.33 लाख होगा। पहले से निर्धारित सात लाख कनेक्शन में से 5.59 लाख कनेक्शन लगाए जा चुके हैं। 3.32 लाख कनेक्शन चालू भी हो गए हैं। जबकि शेष 2.27 लाख कनेक्शन जल्द चालू कर दिए जाएंगे। पहले से निर्धारित लक्ष्य में से 50 फीसदी से भी कम ही कनेक्शन लगाए गए हैं। कई जिले लक्ष्य में बहुत पीछे हैं, जबकि कई ने अपना लक्ष्य पूरा कर लिया है। लक्ष्य पूरा करने वाले जिलों में यमुनानगर और करनाल सबसे आगे हैं। जिन जिलों में यह लक्ष्य कम है, वहां पर विशेष रूप से संबंधित कंपनियों को तेजी लाने को कहा गया है। यह डेटा 31 जनवरी 2026 तक का है। दूसरी ओर रिपोर्ट में राज्य में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) प्रोजेक्ट्स की प्रगति रिपोर्ट (31 जनवरी 2026) तक कई जिले तेजी से काम कर रहे हैं, कई जिले बहुत पिछड़े हुए हैं। कई जिलों में पीएनजी और सीएनजी स्टेशनों के लक्ष्य के मुकाबले उपलब्धि काफी कम रही है। वहीं सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि अगले दो माह में सीएनजी कनेक्शनों की संख्या दोगुनी की जाएगी। इसके लिए योजना तैयार की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या आने पर बड़ी दिक्कत से बचा जा सके। अधिकारियों के साथ बैठक भी की गई है। पीएनजी पाइप लाइन के तहत कनेक्शन बढ़ाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। एलपीजी की कोई समस्या नहीं, निर्बाध सप्लाई हो रही: नागर खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर से जुड़ी कोई समस्या नहीं है। प्रदेश में निर्बाध रूप से गैस सिलेंडर की सप्लाई जारी है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आह्वान किया कि जहां-जहां पीएनजी गैस की सप्लाई है, वहां अधिक से अधिक उपभोक्ता पीएनजी गैस का कनेक्शन लें। मंत्री ने बताया कि शनिवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री ने सभी राज्यों के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्रियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान सभी से सुझाव लिए गए और संभावित समस्याओं के बारे में भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि राज्य में ईंधन की सप्लाई निर्बाध रूप से जारी है। कुछ पेट्रोल पंपों पर आई अस्थायी समस्या वाहनों की तकनीकी खराबी के कारण थी, जिसे ठीक कर लिया गया। कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : सीएम सीएम सैनी ने प्रदेश के लोगों को आश्वस्त किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी व जमाखोरी करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई इस मामले में संलिप्त पाया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।